अमेरिका के ओहायो में एक हिंदू मंदिर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर को निशाना बनाते हुए हमलावरों ने ईंटें फेंकीं। घटना में मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक, हमला स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। घटना के दौरान हमलावरों ने मंदिर की ओर कई ईंटें फेंकीं, जिससे मंदिर को काफी नुकसान पहुंचा। घटना का CCTV फुटेज भी उपलब्ध बताया जा रहा है और अधिकारी इसकी समीक्षा कर रहे हैं।
Ohio Hindu Temple Attack: मंदिर पर फेंकी गईं ईंटें, हेट क्राइम की जांच की मांग।
मामले की जानकारी FBI और सिविल राइट्स अधिकारियों को दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल अधिकारी CCTV फुटेज और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) मंदिर के नेतृत्व के संपर्क में है और संगठन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने जताई संभावित हेट क्राइम की आशंका
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने घटना को संभावित हेट क्राइम के तौर पर जांचे जाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका में हिंदू अमेरिकी समुदाय के खिलाफ कथित तौर पर नफरत और कटुता में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। संगठन ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से हमलावरों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने को प्राथमिकता देने की अपील की है। हालांकि, अभी यह आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि हमला धार्मिक घृणा से प्रेरित था। इसकी वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
नेताओं से नफरत भरी बयानबाजी की निंदा करने की अपील
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने अमेरिका के निर्वाचित नेताओं और सरकारी एजेंसियों से भारतीय और हिंदू अमेरिकी समुदायों के खिलाफ किसी भी तरह की नफरत भरी बयानबाजी की स्पष्ट और बिना शर्त निंदा करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि मंदिर को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी।
