Colombia Earthquake: दक्षिणी अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद पश्चिमी कोलंबिया के शहरों में कम से कम 132 लोग मारे गए और दर्जनों इमारतें ढह गईं। इसके अतिरिक्त, 570 लोग घायल हुए हैं। राजधानी बोगोटा के लोग तो दहशत में आ गए और तत्काल अपना घर खाली करके खुले मैदान में शरण ले ली।
कोलंबिया में भूकंप के शक्तिशाली झटके लगे (फोटो साभार: AP)
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोलंबिया में भूकंप की तबाही की वजह से कम से कम 132 लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग घायल बताए जा रहे हैं। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) और कोलंबिया की संबंधित एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र सैन जोस डेल पालमार में 107 किलोमीटर की गहराई में था।
कहां कितने लोगों ने तोड़ा दम
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, पेरेरा शहर में कम से कम 18 लोगों की मौत हुई, जबकि मानिजेल्स शहर में दो लोग और वैले डे काउका विभाग में 27 लोग मारे गए हैं, जहां कोलंबिया का तीसरा सबसे बड़ा शहर, कैली स्थित है। अधिकारियों के मुताबिक, बचाव दल ढह चुकी इमारतों के मलबे में से लोगों को निकालने में जुटे हुए हैं। ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
मनीजालेस शहर में एक गिरजाघर का टावर ढहकर उसके मुख्य प्रार्थना कक्ष पर जा गिरा। चोको की गवर्नर नूबिया कॉर्डोबा ने सोशल मीडिया पर कहा कि क्षेत्रीय राजधानी क्विब्दो में 'लोग घायल हुए हैं और इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।'
दहशत में आए लोग
कोलंबियन जियोलॉजिकल सर्विस (SGC) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:34 बजे आया। परेरा एयरपोर्ट का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें भूकंप के चलते अफरा-तफरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और लोग दहशत में आ गए। साथ ही, एयरपोर्ट की सीलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई और लोगों को चीखते-चिल्लाते हुए सुना गया।
कई इलाकों में लगे झटके
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भूकंप के झटके कोलंबिया के बोगोटा, एंटिओकिया, कुंडिनामार्का और मेटा सहित कई हिस्सों में महसूस किए गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, भूकंप के झटके देश के कई हिस्सों में महसूस किए गए। सोशल मीडिया पर सामने आई शुरुआती तस्वीरों और पोस्ट में कुछ लोगों को इमारत से बाहर निकलकर खुले स्थान पर जाते हुए देखा गया। भूकंप की तीव्रता इतनी जोरदार थी कि कुछ समय तक लोगों को कंपन महसूस हुआ।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'पूरी तरह स्वस्थ हैं खामेनेई, 7-8 घंटे तक चर्चा...'; पेजेशकियन ने सुप्रीम लीडर की तबीयत को लेकर दिया बड़ा अपडेट
64 वर्षीय महिला ने सुनाई आपबीती
कोलंबिया के तीसरे सबसे बड़े शहर Cali में रहने वाले 64 वर्षीय टैक्सी ड्राइवर जॉर्ज मोनकायो ने बताया कि उन्होंने शहर की पहाड़ियों में स्थित अपने घर से चारों तरफ धूल के गुबार उठते देखे। इस दौरान कई इमारतें ढह गईं और लोग मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुट गए। स्थानीय निवासी और राहतकर्मी मलबे में दबे लोगों को तलाशते हुए देखे गए। मोनकायो ने भूकंप की भयावहता बताते हुए कहा, ''मेरा पूरा घर हिल रहा था। मैंने अपनी जिंदगी में इससे ज्यादा शक्तिशाली भूकंप कभी नहीं देखा।''
कोलंबिया के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति अबेलार्डो दे ला एस्प्रिएला ने कहा कि देश में आए भूकंप के बाद सैन जोस डेल पालमार में पैदा हुए आपात हालात से निपटने के लिए उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सरकार की कार्रवाई की कमान संभाल ली है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित क्षेत्रों में राहत के लिए काम कर रही है।
