Israel Hamas Conflict: फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि गाजा में राहत सहायता का इंतजार कर रहे 73 लोग मारे गए।स्वास्थ्य मंत्रालय और स्थानीय अस्पतालों के अनुसार, सबसे अधिक मौतें उत्तरी गाजा में हुईं, जहां इजरायल के साथ लगने वाली जिकिम क्रॉसिंग के जरिए उत्तरी गाजा में आ रही राहत सामग्री का इंतजार कर रहे कम से कम 67 फलस्तीनी मारे गए।
इजरायल-हमास संघर्ष
क्या इजरायली सेना ने भीड़ पर बरसाईं गोलियां
अस्पतालों के अनुसार, 150 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ये लोग इजराइली सेना की गोलीबारी में मारे गए या हथियारबंद गिरोहों ने उन्हें निशाना बनाया। लेकिन कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इजराइली सेना ने भीड़ पर गोलियां चलाईं।
उत्तरी गाज़ा में ये गोलीबारी गाज़ा मानवतावादी कोष (GHF) से जुड़े सहायता वितरण केंद्रों के पास नहीं हुई। जीएचएफ अमेरिकी और इज़राइल समर्थित समूह है जो फलस्तीनियों को खाद्य सामग्री वितरित करता है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि समूह के वितरण केंद्रों तक पहुंचने की कोशिश करते समय सैकड़ों लोग इजराइली गोलीबारी में मारे गए हैं।
इस बीच, इज़राइली सेना ने रविवार को मध्य गाजा के इलाकों के लिए नयी निकासी चेतावनियां जारी कीं। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब इजराइल और हमास कतर में युद्ध विराम वार्ता कर रहे हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों का कहना है कि इसमें कोई सफलता नहीं मिली है। इस महीने की शुरुआत में, इजराइली सेना ने कहा था कि गाजा पट्टी के 65 प्रतिशत से अधिक हिस्से पर उसका नियंत्रण है। गाजा के जिस क्षेत्र को खाली करने का आदेश दिया गया है, वहां कई अंतरराष्ट्रीय संगठन स्थित हैं जो राहत सामग्री वितरित करने का प्रयास कर रहे हैं।
