Paris Louvre Museum Robbery: फ्रांस पुलिस ने पेरिस के लूव्र म्यूजियम से कीमती क्राउन ज्वेल्स की चोरी के मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि यह चोरी देश में दशकों में हुई सबसे बड़ी चोरियों में से एक थी। इस दौरान चोर लगभग 88 मिलियन यूरो के गहने उड़ा ले गए। यह गिरफ्तारियां एक हफ्ते बाद हुई हैं।
पेरिस में हुई गहनों की चोरी के मामले में दो गिरफ्तार (Photo-AP)
पेरिस प्रॉसिक्यूटर के ऑफिस ने रविवार को मीडिया रिपोर्ट्स को कन्फर्म किया कि उनमें से एक आदमी को शनिवार को लोकल टाइम के हिसाब से रात 10 बजे हिरासत में लिया गया था, जब वह राजधानी के चार्ल्स डी गॉल एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ने की तैयारी कर रहा था।
अभी पुलिस ने नहीं दी पूरी जानकारी
पेरिस प्रॉसिक्यूटर के ऑफिस ने एक बयान में कहा कि गिरफ्तारियां शनिवार शाम को की गईं, लेकिन यह नहीं बताया कि कितने लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पेरिस प्रॉसिक्यूटर, लॉरे बेकुओ ने यह नहीं बताया कि कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं और न ही यह बताया कि कोई ज्वेल बरामद हुआ है या नहीं, लेकिन जांच से जुड़े अधिकारियों ने फ्रेंच मीडिया को कन्फर्म किया कि पेरिस इलाके में एक दूसरे संदिग्ध को भी हिरासत में लिया गया है।
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस सूत्रों ने फ्रेंच मीडिया को बताया है कि संदिग्धों में से एक अल्जीरिया जाने की तैयारी कर रहा था, जबकि ऐसा पता चला है कि दूसरा संदिग्ध माली जा रहा था।
बता दें कि पिछले रविवार को दुनिया के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले म्यूजियम से €88m (£76m; $102m) का सामान चोरी हो गया। पावर टूल्स लिए चार चोर दिनदहाड़े बिल्डिंग में घुस गए थे।
रविवार को फ्रेंच मीडिया में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, लूट की जगह पर मिले DNA से संदिग्धों में से एक की पहचान हो गई। गैंग ने ग्लव्स और एक हाई-विज जैकेट समेत कई सामान पीछे छोड़कर चले गए थे।
