LAC विवादः बीजिंग में India-China के बीच मंथन, टकराव वाली शेष जगहों से फौजी पीछे हटाने के प्रस्तावों पर हुई बात

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 22, 2023, 11:08 PM IST

LAC Row: डब्ल्यूएमसीसी की बीजिंग में बैठक ऐसे समय में हुई है जब एक सप्ताह बाद ही दिल्ली में जी20 समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक होने वाली है। चीन के विदेश मंत्री किन गांग के 1-2 मार्च को होने वाली बैठक में हिस्सा लेने की उम्मीद है।

LAC Row: भारत और चीन के बीच एलएसी (वास्तविक नियंत्रण रेखा) विवाद पर बुधवार (22 फरवरी, 2023) को बीजिंग में कूटनीतिक बातचीत हुई। दोनों मुल्कों के बीच इस दौरान पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर टकराव वाली बची जगहों से अपने-अपने फौजी पीछे हटाने से जुड़े प्रस्तावों पर ‘खुले और रचनात्मक’ तरीके से चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों पक्षों ने बीजिंग में भारत-चीन सीमा विषय पर विचार विमर्श और समन्वय के कार्यकारी तंत्र (डब्ल्यूएमसीसी) की बैठक में इन प्रस्तावों पर चर्चा की। भारत-चीन ने मौजूदा समझौते और प्रोटोकॉल के तहत इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए जल्द ही किसी तिथि पर 18वें चरण की वरिष्ठ सैन्य कमांडर स्तर की वार्ता आयोजित करने पर सहमति जताई है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘डब्ल्यूएमसीसी की 26वीं बैठक बीजिंग में 22 फरवरी 2023 को आमने-सामने बैठकर हुई। जुलाई 2019 में हुई 14वीं बैठक के बाद यह पहली डब्ल्यूएमसीसी बैठक थी जो आमने-सामने हुई। हालांकि, प्रस्तावों पर चर्चा के बाद भी कोई हल निकलने का संकेत नहीं है। बैठक में भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (पूर्वी एशिया) शिलपक अंबुले ने किया। चीनी शिष्टमंडल का नेतृत्व चीनी विदेश मंत्रालय में सीमा और समुद्री मामलों के विभाग के महानिदेशक होंग लियांग ने किया। अंबुले ने चीन की सहायक विदेश मंत्री हुआ चुनयिंग से भी मुलाकात की।

End of Feed