Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया के शासक किम जॉन्ग उन की तारीफ में कसीदे पढ़े हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि किम जॉन्ग उन हमेशा उनके साथ सलीके से पेश आए हैं और उन्हें काफी सम्मान दिया है। उत्तर कोरिया के शासक के साथ अपनी 'निजी यारी' का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका ध्यान कोरियाई प्रायद्वीप के हालात सुरक्षित बनाने पर है। मीडिया से बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर कोरिया के शासक से वह कई बार मिल चुके हैं और दोनों नेता एक-दूसरे को समझते हैं। ट्रंप ने अपने संबंधों की तुलना किम और उत्तर कोरिया के नेताओं द्वारा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपतियों के बारे में दिए गए बयान से भी की।
किम जॉन्ग उन की ट्रंप ने की तारीफ।
किम के साथ मेरी खूब बनती है-ट्रंप
ट्रंप ने कहा, 'किम जॉन्ग उन मेरे साथ काफी सम्मान के साथ पेश आए हैं और हम दो प्रमुख मौकों पर मिल चुके हैं। हमने बातचीत की और साथ में समय बिताया। मैं उन्हें समझता हूं और वह मुझे समझते हैं। मेरी उनके साथ खूब बनती है। आपको पता है कि बाइडेन, ओबामा को किम पसंद नहीं करते थे। वह किसी को भी पसंद नहीं करते थे लेकिन मेरी उनके साथ खूब यारी है। अब मैं चीजों को ज्यादा सुरक्षित बनाने जा रहा हूं, पूर्व राष्ट्रपति उत्तर कोरिया के साथ जिस तरह से पेश आते थे, मेरा रुख उसके विपरीत है।'
सैन्य अभ्यासों पर किम ने नाराजगी जताई
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ट्रंप ने युद्ध सचिव (रक्षा मंत्री) पीट हेगसेथ को दक्षिण कोरिया के साथ होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यासों को 'काफी हद तक कम करने' का निर्देश दिया है। ट्रंप ने इसके पीछे उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के साथ अपने संबंधों का हवाला दिया और इन सैन्य अभ्यासों को महंगा तथा अनुचित बताया। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि वह इस बात से 'खुश नहीं' हैं कि अमेरिका ने पहले दक्षिण कोरिया के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यासों में हिस्सा लेने पर सहमति जताई थी।
सैन्य अभ्यासों को महंगा बताया
ट्रंप ने कहा, 'उत्तर कोरिया के किम जोंग उन के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंधों को देखते हुए, मैं इस बात से खुश नहीं हूं कि अमेरिका ने बहुत पहले दक्षिण कोरिया के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यासों में भाग लेने पर सहमति जताई थी।' ट्रंप ने इन सैन्य अभ्यासों को महंगा बताया और कहा कि इससे उत्तर कोरिया को एक ऐसा संकेत मिलता है जो 'पूरी तरह अनुचित और शत्रुतापूर्ण' है। उन्होंने दावा किया कि उनके राष्ट्रपति पद के दौरान उत्तर कोरिया 'बिना किसी धमकी के और सम्मानजनक' रवैया अपनाता रहा है।
संयुक्त सैन्य अभ्यासों में कटौती का दिया निर्देश
उन्होंने कहा कि अब इन सैन्य अभ्यासों को पूरी तरह रद्द करने में बहुत देर हो चुकी है, लेकिन उन्होंने हेगसेथ को इन्हें काफी हद तक कम करने का निर्देश दिया है। ट्रंप ने कहा, 'इसलिए, और इस तथ्य को देखते हुए कि इन्हें रद्द करने में अब बहुत देर हो चुकी है, मैंने युद्ध सचिव पीट हेगसेथ को संयुक्त सैन्य अभ्यासों को काफी हद तक कम करने का निर्देश दिया है!'
