Kathmandu Airport Flights: काठमांडू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बुधवार से तीन बड़ी एयरलाइंस की उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAN) के हवाई अड्डा खोलने की घोषणा के बाद कैथे पैसिफिक एयरवेज, एयर इंडिया और हिमालय एयरलाइंस ने अपने ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं। अब ये एयरलाइंस काठमांडू से सीधे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक उड़ान भरेंगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है और उन्हें सुरक्षित तथा आसान यात्रा की नई उम्मीद मिली है।
इंडिगो फ्लाइट (प्रतीकात्मक फोटो)
इसी के साथ, इंडिगो एयरलाइंस ने भी यात्रियों के लिए खास एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने बताया कि काठमांडू से आने-जाने वाली उड़ानें फिर से शुरू हो चुकी हैं, लेकिन जैसे-जैसे उड़ानों का शेड्यूल धीरे-धीरे बहाल हो रहा है, यात्रियों से अपील की गई है कि वे हवाई अड्डे जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति वेबसाइट या ऐप पर अवश्य चेक करें। 11 सितंबर से, इंडिगो काठमांडू से और काठमांडू के लिए रोजाना चार निर्धारित उड़ानें फिर से शुरू करेगा। इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी लिखा कि शेड्यूल धीरे-धीरे बहाल हो रहा है, इसलिए कृपया अपनी फ्लाइट की नवीनतम जानकारी लेना न भूलें। कंपनी ने यात्रियों के धैर्य और समझ के लिए आभार जताते हुए सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया है।
