Jinping US Visit: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का बहुप्रतीक्षित अमेरिका दौरा शुरू होने के बीच गुरुवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जिनपिंग के साथ अपनी ''अत्यंत घनिष्ठ मित्रता'' की सराहना की। अमेरिका के सबसे बड़े आर्थिक प्रतिद्वंद्वी देश के राष्ट्रपति के साथ चर्चा के लिए ट्रंप के सामने कई जटिल मुद्दे हैं, हालांकि औपचारिक वार्ता से पहले दोनों नेताओं ने अपने पुराने संबंधों का उल्लेख किया।
व्हाइट हाउस में ट्रंप ने जिनपिंग की मेजबानी की
ट्रंप ने कहा, ''2016 में मेरे पहली बार निर्वाचित होने के बाद से ही राष्ट्रपति शी और मेरे बीच मित्रता रही है। वास्तव में यह अत्यंत घनिष्ठ मित्रता है, जो आपसी सम्मान और हमारे लोगों के महत्वपूर्ण हितों पर आधारित है।'' शी ने अमेरिका पहुंचने के बाद अपने संबोधन में कहा कि ''प्रतिस्पर्धा स्वस्थ होनी चाहिए और इसे एक सीमा के दायरे में रखा जाना चाहिए।''
व्हाइट हाउस में क्या बोले जिनपिंग
शी ने कहा, ''यह एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ होनी चाहिए, न कि ऐसा संघर्ष जिसमें एक पक्ष जीते और दूसरा हारे।'' शी ने अपने शुरुआती संबोधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना दोनों देशों की जिम्मेदारी है कि ''एआई का संचालन हमेशा मनुष्य के नियंत्रण में रहे''।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'भारत-चीन को प्रतिद्वंद्वी नहीं, साझेदार के रूप में देखना चाहिए', चीनी राजदूत फेइहोंग का बड़ा बयान
जिनपिंग ने ट्रंप को धन्यवाद दिया
अमेरिका की राजकीय यात्रा पर पहुंचे जिनपिंग ने अपनी शुरुआती टिप्पणी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका दोनों महान देश हैं और दोनों देशों के लोग भी महान हैं।
व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शन
ट्रंप और जिनपिंग की मुलाकात के दौरान व्हाइट हाउस परिसर के बाहर प्रदर्शन भी हुए। इसी दौरान दूर से प्रदर्शनकारियों की आवाजें सुनाई देती रहीं।
