Earthquake News: दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में आए शक्तिशाली भूकंपों ने लोगों के बीच दहशत फैला दी। उत्तरी जापान में गुरुवार सुबह 7.0 तीव्रता का भूकंप आया। वहीं अमेरिका के कैलिफोर्निया में भी दशकों का सबसे बड़ा भूकंप महसूस किया गया। इससे पहले वेनेजुएला में भी दो शक्तिशाली भूकंप के झटकों ने कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचाया। हालांकि जापान और कैलिफोर्निया में फिलहाल किसी बड़े पैमाने पर जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन आफ्टरशॉक की आशंका जताई गई है।
जापान और कैलिफोर्निया में भूकंप के तेज झटके
जापान में 7 तीव्रता का भूकंप
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) और भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र उत्तरी प्रशांत महासागर में इवाते प्रांत के तट के पास दर्ज किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.0 मापी गई और केंद्र लगभग 64 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का सबसे अधिक प्रभाव आओमोरी प्रांत के हाशिकामी में महसूस किया गया, जहां झटकों की तीव्रता जापानी पैमाने पर ‘अपर-6’ दर्ज की गई।
प्रधानमंत्री कार्यालय में बना रिस्पॉन्स रूम
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सुनामी का कोई खतरा नहीं है, लेकिन इसी तीव्रता के और झटके यानी आफ्टरशॉक आने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। सरकार ने प्रधानमंत्री कार्यालय में विशेष आपदा प्रतिक्रिया कक्ष (रिस्पॉन्स रूम) स्थापित किया है और राहत व निगरानी कार्य तेज कर दिए गए हैं।
कैलिफोर्निया में आया दशकों का तेज भूकंप
वहीं, अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया में बुधवार सुबह(स्थानीय समयानुसार) 5.6 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक इसका केंद्र विलिट्स शहर के उत्तर-पश्चिम में था। इसे क्षेत्र का 1940 के बाद का सबसे शक्तिशाली भूकंप माना जा रहा है। झटकों के करण घरों और दुकानों से सामान गिरने के विजुअल्स भी सामने आए हैं। जिसमें तस्वीरें और बोतलें गिरकर टूटती हुई नजर आ रही हैं। लेकिन किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
विशेषज्ञों के अनुसार, कैलिफोर्निया के इस इलाके में छोटे भूकंप आना आम बात हैं, लेकिन इतनी तीव्रता का झटका पिछले करीब नौ दशकों में नहीं आया था। अधिकारियों ने लोगों को आफ्टरशॉक्स को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
वेनेजुएला के भूकंप ने मचाई तबाही
बुधवार शाम (स्थानीय समयानुसार) वेनेजुएला में भी 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे, जिनसे राजधानी कराकास समेत कई इलाकों में भारी तबाही का मंजर देखने को मिला। इससे कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई और जानमाल के नुकसान की भी खबर आ रही है। जिसके बाद राहत और बचाव कार्य जारी है।
