Lindsey O Graham Sanctioning Russia Act: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र से इतर हुई इस बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट' (SRIA) को लेकर भारत की चिंताओं पर चर्चा की।
विदेश मंत्री जयशंकर ने अमेरिकी समकक्ष मार्को रुबियो से की मुलाकात (फोटो साभार: @DrSJaishankar)
जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। रूबियो से मुलाकात के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, ''उन्होंने SRIA को लेकर भारत के हितों और चिंताओं को दोहराया।'' इन दौरान, दोनों नेताओं के बीच खाड़ी क्षेत्र और यूक्रेन की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
रूसी तेल खरीदना पड़ सकता है महंगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट को कानून का रूप दे दिया। इस कानून के तहत रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100 फीसदी तक टैरिफ लगाने का अधिकार अमेरिकी राष्ट्रपति को मिला। इस कानून में दायरे में भारत और चीन जैसे देश भी आ सकते हैं।
इस कानून को लेकर नई दिल्ली ने कहा था कि वह अपने आर्थिक हितों की रक्षा और देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'आतंरिक मामलों पर बोलने का कोई हक नहीं', OIC कॉन्टैक्ट ग्रुप को भारत की दो टूक; PAK को लेकर भी लगाई फटकार
रुबियो ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''आज न्यूयार्क में भारतीय विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मिलकर बहुत अच्छा लगा।'' रुबियो ने कहा, ''हम मिलकर अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं और प्रमुख क्षेत्रीय प्राथमिकताओं और आगामी बहुपक्षीय प्रयासों पर तालमेल बिठा रहे हैं।'' दोनों नेताओं ने इस साल जुलाई में मनीला में भी मुलाकात की थी और व्यापार, शुल्क (टैरिफ), ऊर्जा, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर चर्चा की थी।
