Ivanka Trump assassination attempt: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप को मारने की कोशिश की गई है। सूत्रों के हवाले से New York Post ने इसके पीछे ईरान का हाथ बताया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने अपने ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदलना लेने के लिए यह साजिश रची थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी बेटी इवांका ट्रंप के साथ (फाइल फोटो-AP)
आरोपी के पास मिला इवांका के घर का नक्शा
रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में पकड़े गए 32 वर्षीय मोहम्मद बाक़िर साद दाऊद अल-सादी पर आरोप है कि उसने इवांका ट्रंप की हत्या की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि उसके पास फ्लोरिडा स्थित इवांका के घर का नक्शा भी मिला था। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, अल-सादी को 15 मई को तुर्किये में गिरफ्तार किया गया और बाद में अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया। उस पर यूरोप और अमेरिका में 18 हमलों और हमले की कोशिशों का आरोप है। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह अमेरिका और यहूदी ठिकानों पर हुए कई हमलों में शामिल रहा है, जिनमें एम्स्टर्डम में बैंक पर फायरबॉम्ब हमला, लंदन में यहूदी नागरिकों पर चाकू से हमला और टोरंटो स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर गोलीबारी शामिल है।
सोशल मीडिया पोस्ट में दी थी धमकी
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि अल-सादी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फ्लोरिडा के उस इलाके का नक्शा साझा किया था, जहां इवांका ट्रंप और उनके पति जारेड कुशनर का करोड़ों डॉलर का घर है। पोस्ट के साथ उसने अरबी में धमकी भरा संदेश भी लिखा था, जिसमें कहा गया था कि “न तो महल और न ही सीक्रेट सर्विस आपको बचा पाएगी, हम निगरानी और विश्लेषण के चरण में हैं और बदला सिर्फ समय की बात है।”
IRGC ने रची थी बदला लेने के लिए साजिश!
रिपोर्ट के मुताबिक, इराकी नागरिक अल-सादी यह साजिश ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने के लिए रच रहा था। सुलेमानी की 2020 में बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में मौत हुई थी। पूर्व इराकी सैन्य अधिकारी एंतिफाध क़नबर ने दावा किया कि सुलेमानी की मौत के बाद अल-सादी लोगों से कहता था कि “ट्रंप ने हमारा घर जलाया है, इसलिए हमें इवांका को मारकर ट्रंप का घर जलाना होगा।”
