Israel warns Iran : शुक्रवार तड़के ईरान पर इजरायल के हवाई हमलों के बाद दोनों देशों के बीच भयंकर संघर्ष जारी है। दोनों तरफ से एक दूसरे को निशाना बनाकर हमले हो रहे हैं। ईरान के पलटवार पर इजरायल ने सीधे तौर पर वहां के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामनेई को चेतावनी दी है। इजरायल ने कहा है कि 'ईरान के मिसाइल हमले अगर नहीं रुके तो उसे जलने से कोई नहीं रोक सकता।' इस बीच, इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने शनिवार को दावा किया कि इजरायली वायु सेना ने ईरान की प्रतिरक्षा प्रणाली ध्वस्त कर दी है और उसके लड़ाकू विमान निर्बाध तरीके से उड़ान भर रहे हैं।
ईरान पर इजरायल पर पलटवार कर रहा है।
इजरायल के रक्षा मंत्री काट्ज ने कहा कि ईरान का शीर्ष नेतृत्व 'रेड लाइन' पार कर चुका है। उन्होंने कहा कि 'इजरायल में ईरान के सुप्रीम लीडर यदि मिसाइल दागते रहेंगे तो तेहरान जल उठेगा।'
70 से अधिक लड़ाकू विमानों ने भाग लिया
डेफ्रिन ने शनिवार को दावा किया कि इजरायली वायु सेना ने ईरान की प्रतिरक्षा प्रणाली ध्वस्त कर दी है और उसके लड़ाकू विमान निर्बाध तरीके से उड़ान भर रहे हैं। डेफ्रिन ने कहा कि ईरान की राजधानी पर हवाई कार्रवाई के लिए रात भर चले ऑपरेशन में इजरायली वायु सेना के 70 से अधिक लड़ाकू विमानों ने भाग लिया। इजरायल ने शुक्रवार को तड़के ईरान की राजधानी पर हमला करते हुए उसके परमाणु, मिसाइल और सैन्य परिसर को निशाना बनाया। ईरान के इजराइल पर जवाबी हमले के बाद शनिवार को संघर्ष और बढ़ गया।
ईरान में करीब 40 जगहों को निशाना बनाया
डेफ्रिन ने कहा कि करीब 40 जगहों को निशाना बनाया गया, जिनमें वायु रक्षा प्रणाली और संबंधित प्रतिष्ठान शामिल हैं। आईडीएफ के प्रवक्ता ने कहा कि अभियान के दौरान इजराइल वायु सेना के लड़ाकू विमान और ड्रोन करीब ढाई घंटे तक तेहरान के ऊपर उड़ते रहे क्योंकि शुरुआती हमले ने ईरानी वायु रक्षा प्रणालियों को नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा, ‘ईरान के भीतरी क्षेत्र में इजरायल की वायुसेना ने निशाना बनाया। तेहरान की प्रतिरक्षा प्रणाली नाकाम हो चुकी है। राजधानी इजरायली हमलों की जद में है।’
योजनाबद्ध अभियान चला रहे हैं-इजरायल
शुक्रवार की सुबह ईरान के भीतरी इलाकों में हवाई हमलों के बाद बड़ी सफलता का दावा करने के बाद, आईडीएफ ने शनिवार को कहा कि वह ईरान की सैन्य और परमाणु क्षमताओं को नष्ट करने के उद्देश्य से एक योजनाबद्ध अभियान चला रहा है। इजरायली सेना ने कहा, ‘हम एक के बाद एक खतरों को चरणबद्ध तरीके से खत्म कर रहे हैं। हमने गाजा में जमीनी लड़ाई से मिले सबक और उत्तरी कमान के साथ समन्वय का इस्तेमाल किया है, ताकि हम दूर ईरान में भी प्रभावी ढंग से काम कर सकें, जैसा कि हमने गाजा और लेबनान में किया था।’
