Iran Israel War: ईरान और इजरायल के बीच युद्ध गहराता जा रहा है। इजरायल ने बुधवार को ईरान के दो शीर्ष लीडर्स को मार गिराया जिसको लेकर तेहरान बौखलाया हुआ है और साफ कर दिया है कि वह इसका बदला जरूर लेगा। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने कहा कि सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई
खामेनेई का इजरायल को सख्त संदेश
मोजतबा खामेनेई ने एक टेलीग्राम चैनल पर पोस्ट किए गए एक संदेश में कहा, ''ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द ही इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।'' उन्होंने कहा कि हर खून की एक कीमत होती है, जिसे उसके हत्यारों को जल्द ही चुकानी पड़ेगी।
सनद रहे कि इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने अली लारीजानी और खुफिया मामलों के मंत्री इस्माइल खतीब की मौत का दावा किया। इससे पहले, इजरायली सेना ने यह भी दावा किया कि उसने रिवॉल्यूशनरी गार्ड के स्वयंसेवी बासिज बल के प्रमुख गुलाम रजा सुलेमानी को भी मार गिराया है।
सऊदी अरब में गूंजी धमाकों की आवाज
इस बीच, सऊदी अरब की राजधानी रियाद में धमाकों की आवाज सुनी गई है। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एसोसिएट प्रेस (AP) के मुताबिक, ईरान के ज़्यादातर पिछले हमले पूर्वी सऊदी अरब में हुए हैं, जो ईरान के करीब है और जहां सऊदी की प्रमुख तेल रिफाइनरियां स्थित हैं।
सऊदी ने मिसाइलों को किया इंटरसेप्ट
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश की हवाई सुरक्षा प्रणाली ने देश के पूर्वी क्षेत्र की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया है। मंत्रालय ने इससे पहले कहा था कि उसी इलाके में एक ड्रोन को मार गिराया गया था और एक अन्य ड्रोन को रियाद में गिराया गया।
इन देशों पर हमला करेगा ईरान
गैस संयंत्र पर हमले के बाद ईरान ने पहले ही सऊदी अरब, कतर और यूएई पर हमला करने की धमकी दी थी। ईरान ने विशेष रूप से सऊदी अरब की 'समरेफ रिफाइनरी' और उसके 'जुबैल पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स' को निशाना बनाने की धमकी दी है। उसने संयुक्त अरब अमीरात के 'अल हसन गैस फील्ड' और कतर में स्थित पेट्रोकेमिकल संयंत्रों तथा एक रिफाइनरी पर भी हमले की धमकी दी है।
