Iran Israel Conflict: ईरान-इजराइल के बीच नए सिरे से संघर्ष छिड़ता नजर आ रहा है। इसे लेकर अब ईरान ने अमेरिका को घेरना शुरू कर दिया है। ईरान के एक अधिकारी ने सोमवार को चेतावनी दी कि इजराइल द्वारा मध्य पूर्व में किसी भी प्रकार का तनाव बढ़ने के परिणामों के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका जिम्मेदार है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बग़ाई ने सोमवार को तेहरान में पत्रकारों के साथ एक ब्रीफिंग में यह टिप्पणी की। बगाई ने कहा, कोई भी यह नहीं मानता कि इजराइली शासन संयुक्त राज्य अमेरिका के समन्वय के बिना कोई कार्रवाई करेगा। इजराइली शासन की आक्रामकता के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका जिम्मेदार है, और तनाव में किसी भी प्रकार की वृद्धि के परिणामों के लिए भी वही जिम्मेदार होगा।
ईरान-इजरायल फिर टकराए (AI Image)
ईरान ने युद्धविराम के बीच इजराइल पर मिसाइलें दागीं
इजराइल ने कहा है कि ईरान ने उस पर मिसाइलें दागी हैं जो अप्रैल की शुरुआत में नाजुक युद्धविराम लागू होने के बाद ईरान की ओर से किया गया इस तरह का पहला हमला है। इस हमले के बाद युद्ध समाप्त करने के मकसद से समझौते के लिए मध्यस्थता के प्रयास और जटिल हो गए हैं। तेहरान ने रविवार को इजराइल द्वारा बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमला किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
इजराइल ने कहा कि यह हमला ईरान समर्थित हिजबुल्ला द्वारा दिन में उत्तरी इजराइल पर गोलीबारी किए जाने के जवाब में किया गया। बेरूत पर इजराइल का हमला लेबनान और इजराइल की सरकारों के बीच अमेरिका की मेजबानी में हुई बातचीत में संघर्षविराम पर सहमति बनने के कुछ दिन बाद हुआ। हालांकि, हिजबुल्ला ने इस समझौते को खारिज कर दिया था। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उसकी एक आवासीय इमारत पर किए गए हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
इजराइल ने किया जवाबी हमला
ईरान की ओर से इजराइल पर मिसाइल दागे जाने के बाद दोबारा युद्ध का खतरा मंडराने लगा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान द्वारा बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हुए हमले के प्रतिशोध में इजरायली ठिकानों पर मिसाइलों की बौछार करने के कुछ घंटों बाद, इजरायल ने सोमवार तड़के पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमले किए। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी मीडिया ने सोमवार तड़के बताया कि ईरान के तेहरान, तबरीज और इस्फहान में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। इजराइल का कहना है कि उसने पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। इजराइल रक्षा बलों (IDF) ने टेलीग्राम पर लिखा, "कुछ देर पहले, इजराइली वायु सेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में ईरानी आतंकी शासन से संबंधित सैन्य ठिकानों पर हमला किया।" हताहतों या हमलों के सटीक स्थान के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गई है।
ट्रंप ने नेतन्याहू से की बात
वहीं, ट्रंप ने नेतन्याहू को फोन पर जवाबी हमले रोकने की सलाह दी थी। एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन पर ईरान पर जवाबी हमला न करने की सलाह दी, ताकि कूटनीति के लगातार कमजोर होते जा रहे प्रयासों को बचाया जा सके। अधिकारी ने बताया कि ट्रंप ने नेतन्याहू को क्षेत्र में पहले से ही बढ़ते तनाव को और न बढ़ाने की चेतावनी दी और इस बात पर जोर दिया कि उन्हें विश्वास है कि ईरान के साथ समझौता जल्द ही हो जाएगा।
