Israel Iran War: ईरान-इजरायल के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। दोनों ही एक-दूसरे पर वार-पलटवार कर रहे हैं। इसी कड़ी में ईरान ने दक्षिणी इजरायली शहर अराद पर मिसाइलें दागी जिसकी वजह से 80 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इजरायली सेना ने आरोप लगाया कि ईरान ने जानबूझकर नागरिक आबादी वाले इलाके को निशाना बनाया है।
ईरान ने इजरायली शहर अराद पर दागीं मिसाइलें
नेतन्याहू ने अराद का किया दौरा
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा, ''मैं यहां अराद में हूं। यहां एक चमत्कार हुआ; कोई भी मारा नहीं गया, लेकिन हम सिर्फ़ चमत्कारों पर निर्भर नहीं रहना चाहते। मिसाइल यहां गिरी, इमारतों के बीच... इस संघर्ष में, हम जीत रहे हैं, हम दुश्मन को कुचल रहे हैं..."
इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया, ''अराद में हुए हमले में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। इजरायल के होम फ्रंट कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ ब्रिगेडियर जनरल एलाद एड्री ने घटनास्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
एलाद एड्री ने बताया कि मेरे पीछे आप वह जगह देख सकते हैं जहां मिसाइल सीधे गिरी। यहां एक रिहायशी इमारत को भी भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि हमला सीधे आबादी वाले इलाके पर हुआ, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने कहा, ''एक बार फिर ईरानी दुश्मन ने नागरिक इलाकों को निशाना बनाया है। शाम के वक्त हुए इस हमले में दर्जनों लोग घायल हुए हैं।'' साथ ही उन्होंने बताया कि बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
दो शहरों पर हुए हमले
एलाद एड्री ने कहा, "इजरायल में यह एक नए सप्ताह की शुरुआत है, हमने अभी-अभी इसकी शुरुआत की है। हम उम्मीद करते हैं कि यह सप्ताह अच्छा बीतेगा।" उन्होंने बताया कि एक हमला डिमोना (Dimona) में तो दूसरा अराद में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ईरान द्वारा दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों के हमलों में अराद और डिमोना दोनों शहरों में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। इन हमलों से रिहायशी इलाकों में भारी तबाही मची और स्थानीय आपातकालीन सेवाओं पर दबाव बढ़ गया।
