बांग्लादेश में आज हो जाएगा अंतरिम सरकार का गठन, अब तक हिंसा में हो चुकी हैं 232 लोगों की मौत

Bangladesh Crisis: आज रात बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन हो जाएगा। नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार बनेंगे। बता दें, बांग्लादेश में बीते दिनों शुरू हुआ आरक्षण को लेकर घमासान और हिंसा अभी भी जारी है। शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद हुई हिंसा की घटनाओं में कम से कम 232 लोग मारे जा चुके हैं। वहीं मध्य जुलाई में आरक्षण विरोधी प्रदर्शन शुरू होने के बाद से अब तक मरने वालों की संख्या 560 हो गई है।

Bangladesh Crisis: बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच आज रात बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन हो जाएगा। नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार बनेंगे। शेख हसीना के अपदस्थ होने के बाद अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार बनने के लिए पेरिस से बांग्लादेश लौटे नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अर्थशास्त्री मोहम्मद यूनुस ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। छोटे-छोटे ऋण के मामले में अपने शानदार कार्यों के लिए 2006 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वाले यूनुस (84) को मंगलवार को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा संसद भंग किए जाने के बाद अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया था। इससे पहले व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बीच शेख हसीना प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर देश छोड़कर चली गई थीं।

Bangladesh

बांग्लादेश में आज होगा अंतरिम सरकार का गठन

हमें मिली दूसरी बार आजादी- मोहम्मद यूनुस

ओलंपिक खेलों के लिए पेरिस गए यूनुस दुबई से होते हुए स्वदेश लौट आए हैं। यूनुस को लेकर अमीरात की उड़ान (ईके-582) स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:10 बजे हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमां, वरिष्ठ अधिकारियों, छात्र नेताओं और सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे पर संवाददाता सम्मेलन में यूनुस ने उन युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने हसीना के खिलाफ आंदोलन को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि हमें दूसरी बार आजादी मिली है। हमें इस आजादी की रक्षा करनी है। यूनुस ने कहा कि देश अब आपके हाथों में है। अब आपको अपनी आकांक्षाओं के अनुसार इसका पुनर्निर्माण करना है। आपको देश के निर्माण के लिए अपनी रचनात्मकता का उपयोग करना होगा। आपने देश के लिए आजादी हासिल की है। उन्होंने कहा कि हम जो सरकार बनाएंगे वह नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

End of Feed