Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया में पावरफुल भूकंप आया है। भूकंप पर जानकारी देने वाली देश की एजेंसी (BMKG) ने बताया कि बुधवार, 5 नवंबर को सुलावेसी द्वीप के तट पर 6.2 तीव्रता का भूकंप आया है। हालांकि, बताया गया कि सुनामी की कोई आशंका नहीं है। यह हाल ही में देश में आया दूसरा बड़ा भूकंप है। अधिकारियों ने पुष्टि की कि भूकंप के बाद सुनामी की कोई संभावना नहीं है। भूकंप द्वीप के उत्तरी तट पर दर्ज किया गया, लेकिन किसी प्रकार के नुकसान या चोट की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है।
इंडोनेशिया के सुलावेसी तट पर आया 6.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप (PTI)
पिछले हफ्ते ही इंडोनेशिया के मालुकु द्वीप समूह के पास बांदा सागर में लगभग 137 किलोमीटर की गहराई पर 6.6 तीव्रता का भूकंप आया था। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, उस समय भी इंडोनेशिया के मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने सुनामी के किसी खतरे की पुष्टि नहीं की थी।
रिंग ऑफ फायर
इंडोनेशिया भूकंपीय रूप से एक्टिव प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' पर स्थित है, इसलिए इस देश में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। यह देश कई प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों के संगम पर स्थित है, जो इसे दुनिया के सबसे भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्रों में से एक बनाता है।
क्षेत्र में लगातार आते भूकंप
जनवरी 2021 में सुलावेसी क्षेत्र में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें 100 से ज्यादा लोग मारे गए और हजारों बेघर हो गए।
2018 में एक और बड़ा भूकंप आया, जब सुलावेसी के पालु में 7.5 तीव्रता का भूकंप और उसके बाद आई सुनामी में 2,200 से ज्यादा लोग मारे गए।
AFP के मुताबिक 2004 में आचे प्रांत में 9.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे देश में विनाशकारी सुनामी आई, जहां इंडोनेशिया में 1,70,000 से ज्यादा लोग मारे गए।
