जकार्ता: इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास बड़ा समुद्री हादसा हो गया। यहां 271 लोगों को लेकर जा रहे यात्री जहाज केएमपी मुतियारा सेंटोसा-2 में समुद्र के बीच भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 41 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
इंडोनेशिया में मंदुरा द्वीप के पास हादसा (फोटो- ap)
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी बासारनास ने इस बारे में जानकारी दी। एजेंसी ने बताया कि जहाज के कप्तान ने सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच आग लगने की सूचना दी थी। उस समय जहाज पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर की ओर जा रहा था। बासारनास ने बताया कि सुबह 8:24 बजे सुराबाया सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय को हादसे की जानकारी मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आग ने देखते ही देखते पूरे जहाज को अपनी चपेट में ले लिया। कई यात्री बचाव का इंतजार करते हुए जहाज के अगले हिस्से और ब्रिज पर फंसे रहे।
हादसे के सामने आए वीडियो
इस हादसे को लेकर कुछ वीडियो सामने हैं, जिसमें जहाज से ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। कुछ वीडियो में यात्री लाइफ जैकेट पहनकर लाइफबोट में बैठे नजर आए, जबकि कई लोग जान बचाने के लिए जहाज से नीचे उतरते दिखाई दे रहे हैं।
बचाव अभियान जारी
हादसे के बाद से बचाव अभियान जारी है। राहत कार्य में नौसेना, तटरक्षक बल और सर्च एंड रेस्क्यू टीमों को लगाया गया है। कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि लापता 41 लोगों की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने मृतकों की पहचान और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
