Indian student killed in Indiana : अमेरिका में भारतीय नागरिकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। कैलिफोर्नियां में चार भारतीयों की हत्या की खबर पाकर लोग सकते में हैं, इसी बीच अमेरिका के इंडियाना में एक भारतीय छात्र की बुधवार को चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। भारतीय छात्र वरुण मनीष छेदा पर्ड्यू यूनिवर्सिटी में पढ़ता था। विवि के छात्रावास में उसकी हत्या की गई। हत्या के आरोप में उसका रूम मेट जि मिन शा गिरफ्तार हुआ है। शा कोरिया मूल का है। 20 वर्षीय वरुण वहां डेटा साइंस की पढ़ाई कर रहा था।
कैलिफोर्निया में सिख परिवार की हत्या
अमेरिका के कैलिफोर्निया में अपहृत सिख परिवार के चारों सदस्य एक बगीचे में मृत मिले हैं। मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर के हरसी पिंड के रहने वाले इस परिवार का सोमवार को अपहरण कर लिया गया था। मर्सेड काउंटी के शेरिफ वर्न वार्नके ने बताया कि आठ माह की बच्ची आरुही धेरी, उसकी मां जसलीन कौर (27), पिता जसदीप सिंह (36) और जसदीप के भाई अमनदीप सिंह (39) के शव इंडियाना रोड एंड हचिनसन रोड के पास एक बगीचे से बुधवार शाम बरामद हुए। वार्नके ने बताया कि बगीचे के पास खेत में काम करने वाले एक मजदूर ने शव देखे और उसने तुरंत अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सभी शव एक साथ मिले।
#FirstOnTNNavbharat: अमेरिका से दो दर्दनाक खबर, कैलिफोर्निया में एक परिवार के चार सदस्यों की कर कर दी गई हत्याव… t.co/6fIYTmlrMJ
— ANI (@ANI) Oct 6, 2022
पुलिस हिरासत में संदिग्ध
पुलिस ने परिवार के अपहरण का वीडियो बुधवार को जारी किया था। इस वीडियो में पहले जसदीप और अमनदीप इमारत से निकलते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि इनके हाथ बंधे हैं। इसके बाद अपहरणकर्ता जसलीन और आठ माह की बच्ची को बाहर लाता दिख रहा है। इस मामले में पुलिस ने संदिग्ध सालगाडो को हिरासत में लिया। उसने खुदकुशी की कोशिश की। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
होशियारपुर का रहने वाला है पीड़ित परिवार
पीड़ित परिवार मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर का रहने वाला है। मृतक के माता-पिता यहीं रहते हैं, हाल ही में ये अमेरिका से लौटे थे और तीर्थयात्रा के लिए उत्तराखंड निकल गए थे, जैसे ही बेटे के अपहरण की खबर उन्हें मिली वो यात्रा छोड़ वापस लौट गए। अमेरिका के लिए निकल गए। परिवार की हत्या किन वजहों से हुई पुलिस अभी इसकी जांच में जुटी है।
