Imran Khan Arrest News: पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को आखिर जेल जाना ही पड़ा। मंगलवार की रात हुई गिरफ्तारी के खिलाफ उन्होंने अदालत में अपील की थी। लेकिन अदालत ने कहा कि गिरफ्तारी वैधानिक है। अब इस फैसले के खिलाफ इमरान खान की पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट(Supreme Court of Pakistan) का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया है। इन सबके बीच अमेरिका(USA reaction on Imran khan arrest) की तरफ से भी बड़ी प्रतिक्रिया आई है। अमेरिका ने साफ कर दिया है कि किसी एक नेता के लिए उनका कोई नजरिया नहीं है। अमेरिका ने कहा कि बीती रात इस्लामाबाद में क्या हुआ उस पर नजर थी। लेकिन उनका नजरिया किसी एक खास शख्सियत के लिए नहीं है।
इमरान खान की हो चुकी है गिरफ्तारी
अब तक क्या हुआ
- गिरफ्तारी के बाद पीटीआई कार्यकर्ताओं और इमरान खान समर्थकों ने पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने रावलपिंडी में पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय और लाहौर में कोर कमांडरों के आवास पर धावा बोल दिया।
- पाकिस्तान के अंदर और बाहर पीटीआई समर्थकों के जुटने की मांग के बीच बुधवार को इसी तरह का विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
- पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बुधवार सुबह 8 बजे इस्लामाबाद न्यायिक परिसर में इकट्ठा होने का निर्देश दिया है।
- इमरान खान ने रात जेल में बिताई क्योंकि इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने जमानत दिए बिना इमरान खान की गिरफ्तारी को कानूनी घोषित कर दिया। हाईकोर्ट के फैसले को आज सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।
नियम-कानून का हो सम्मान
अमेरिका और ब्रिटेन ने पाकिस्तान में 'कानून के शासन' का पालन करने का आह्वान किया। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि हम बस यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि पाकिस्तान में जो कुछ भी हो रहा है वह कानून के शासन, संविधान के अनुरूप हो। ब्रिटेन के विदेश सचिव जेम्स क्लेवरली ने कहा कि हम उस देश में शांतिपूर्ण लोकतंत्र देखना चाहते हैं। हम कानून के शासन का पालन देखना चाहते हैं।सुनवाई में भाग लेने के लिए इस्लामाबाद उच्च न्यायालय पहुंचने के बाद इमरान खान को दोपहर करीब 2.15 बजे अल-कादिर ट्रस्ट मामले में गिरफ्तार किया गया था।
