पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर गुरुवार को जानलेवा हमला हुआ है। इस हमले में इमरान खान के पैर पर गोली लगी है। अभी उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों को कहना है कि वो खतरे से बाहर हैं। वहीं गोली लगने के बाद इमरान खान ने अपने बयान में कहा है कि उन्हें अल्लाह ने दूसरी जिंदगी दी है और वो ठीक होने के बाद फिर से लड़ाई शुरू कर देंगे।
नौ घायल
उनकी पार्टी और पुलिस ने कहा कि एक बंदूकधारी ने गुरुवार को पाकिस्तान के पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान को ले जा रहे एक कंटेनर पर गोलियां चला दीं, जिससे वह मामूली रूप से घायल हो गए और उनके एक समर्थक की मौत हो गई। इसके अलावा नौ अन्य घायल भी हुए हैं। फायरिंग के बाद पीटीआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प की सूचना भी है।
पीटीआई के दूसरे नेता भी घायल
हमले में सीनेटर फैसल जावेद को भी चोटें आई हैं। घटना वजीराबाद की है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फैसल ने कहा कि हमले के दौरान पीटीआई का एक कार्यकर्ता मारा गया, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने इमरान और बाकी सभी की सलामती और सुरक्षा के लिए दुआ की।
इमरान खान का आंदोलन
इमरान खान ने 28 अक्टूबर से अपना विरोध मार्च शुरू किया था। खान जल्द ही पाकिस्तान में चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाने के लिए वह इस्लामाबाद की ओर लॉन्ग मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं। इसी दौरान ये हमला हुआ है।
