Hong Kong Flight: हांगकांग में कैथे पेसिफिक (Cathay Pacific) का एक विमान में बड़ा हादसा होते-होते बचा। टेक ऑफ के समय विमान का टायर फट गया जिससे 11 लोग घायल हो गए। हांगकांग से लॉस एंजिलिस जा रही इस फ्लाइट में 293 यात्री सवार थे। कैथे पेसिफिक ने एक बयान में कहा कि शनिवार तड़के हांगकांग के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कैथे पैसिफिक की उड़ान CX880 में 11 लोग घायल हो गए। तकनीकी समस्या के कारण उड़ान रद्द कर दी गई।
17 क्रू सदस्य और 293 यात्री सवार थे
हांगकांग से लॉस एंजिलिस जा रही फ्लाइट में 17 क्रू सदस्य और 293 यात्री सवार थे। एयरलाइंस ने बताया कि क्रू द्वारा एक तकनीकी समस्या का पता चलने के बाद मानक प्रक्रियाओं के अनुसार एक टेक ऑफ रद्द कर दिया गया। कैथे ने कहा कि यात्रियों को इमरजेंसी निकासी के दौरान चोटें आईं। यात्री पांच डोर एस्केप स्लाइड्स का उपयोग करके विमान से बाहर निकल रहे थे इसी दौरान 11 यात्री घायल हो गए।
एयरलाइंस ने मांगी माफी
एयरलाइंस की ओर से कहा गया कि अस्पतालों में इलाज कराने वाले 11 यात्रियों में से नौ को छुट्टी दे दी गई है। हमारे सहयोगी अस्पताल में भर्ती दो यात्रियों और उनके परिवारों को सहायता प्रदान करना जारी रखेंगे। कैथे पेसिफिक ने कहा कि वह ग्राहकों से हुई परेशानी के लिए ईमानदारी से माफी मांगती है। सार्वजनिक प्रसारक RTHK ने पुलिस के हवाले से बताया कि विमान का एक टायर ज्यादा गरम हो गया था, जिससे वह फट गया।
