मेक्सिको के हिंसा प्रभावित उत्तर-पश्चिमी राज्य सिनालोआ की राजधानी कुलियाकन (Culiacan) में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। यहां लाइवस्ट्रीम के दौरान बंदूकधारियों ने लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सीजर गैस्टेलम (César Gastélum) की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना स्थानीय अभियोजक कार्यालय से महज कुछ दूरी पर और व्यस्त समय के दौरान घटी।
मेक्सिको में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की हत्या (Instagram)
लाइवस्ट्रीम में कैद हुई घटना
न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, घटना के समय गैस्टेलम एक केएफसी रेस्टोरेंट की पार्किंग में दो अन्य पुरुषों के साथ हंसते-बोलते हुए लाइव आ रहे थे। तभी मोटरसाइकिल पर दो लोग वहां पहुंचे और उनमें से एक ने बंदूक निकालकर गैस्टेलम पर गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर तुरंत मौके से फरार हो गए।
कार्टेल हिंसा से जुड़ाव की आशंका
मैक्सिको के सुरक्षा कैबिनेट और स्थानीय अभियोजकों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि गैस्टेलम ने हाल ही में कुछ ऐसे वीडियो पोस्ट किए थे जिनमें उन्होंने एक आपराधिक गिरोह/कार्टेल के गुट का जिक्र किया था।
गैस्टेलम के टिक-टॉक (TikTok) पर 6.5 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे और वे कॉमेडी व क्षेत्रीय संगीत से जुड़े वीडियो पोस्ट करते थे। वे अक्सर खुद को 'बेलिको' कहते थे, जो स्थानीय उपसंस्कृति में कार्टेल संस्कृति से जुड़ाव का संकेत देने वाला शब्द माना जाता है। हत्या के समय वे एक सफेद टोपी पहने हुए थे, जो सिनालोआ कार्टेल के एक खास गुट की पहचान मानी जाती है।
राष्ट्रपति ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबाम (Claudia Sheinbaum) ने संवाददाताओं से बातचीत में इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा, अपराधियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाना चाहिए। हमें यह पता लगाना होगा कि यह निंदनीय हत्याकांड क्यों हुआ।
इन्फ्लुएंसर्स को निशाना बनाए जाने का बढ़ता ट्रेंड
सुरक्षा विश्लेषकों के अनुसार, मेक्सिको के सिनालोआ और जालिसको जैसे क्षेत्रों में आपराधिक गिरोहों द्वारा इन्फ्लुएंसर्स को निशाना बनाने का रुझान बढ़ा है। गिरोह अपनी बात पहुंचाने, संदेश फैलाने या वर्चस्व कायम करने के लिए सोशल मीडिया चेहरों का इस्तेमाल करते हैं या उन्हें निशाना बनाते हैं। यह एक साल के भीतर लाइवस्ट्रीम के दौरान किसी कंटेंट क्रिएटर की हत्या का दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले मई 2025 में 23 वर्षीय ब्यूटी इन्फ्लुएंसर वेलेरिया मार्केज (Valeria Márquez) की भी जालिसको राज्य में एक ब्यूटी सैलून से टिक-टॉक लाइव के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
