Pakistan Bomb Blast: पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक सरकारी स्कूल पर बम धमाका हुआ। यह धमाका टैंक जिले के अकबरी गांव में स्थित सरकारी स्कूल में हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि स्कूल के कई कमरे तबाह हो गए।
बदहाल पाकिस्तान में धमाका
स्थानीय पुलिस ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने शुक्रवार तड़के टैंक जिले के गुल इमाम पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अकबरी गांव में विस्फोटकों के जरिए सरकारी स्कूल को उड़ा दिया। अभी तक किसी समूह ने स्कूल पर बम विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली।
स्कूलों पर लगातार हो रहे हमले
एक स्थानीय एनजीओ द्वारा एकत्रित किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक दशक में प्रांत में 450 से अधिक स्कूल को निशाना बनाया गया। जिसका वजह से छात्रों ने या तो स्कूल जाना बंद कर दिया या तो उन्हें तबाह हो चुकी इमारतों या मलबे के पास पढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।
पूर्व मंत्री की धमाके से हुई मौत
इससे पहले, खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक पूर्व मंत्री की अपने ही घर में धमाका होने से मौत हो गई। कहा जा रहा है कि धमाका गैस रिसाव की वजह से हुआ था। बकौल पुलिस, कोहाट जिले में स्थित उनके आवास पर गुरुवार को गैस रिसाव से हुए विस्फोट में पीएमएल-एन के पूर्व सांसद अब्बास खान अफरीदी समेत तीन लोग घायल हो गए थे। हालांकि, इलाज के दौरान शुक्रवार को पूर्व मंत्री की मौत हो गई।
