जर्मनी के बोखुम शहर में एक रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। जर्मन मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आग लगने के मामले में हत्या के संदेह में इमारत में रहने वाले 41 वर्षीय रोमानियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। हालांकि, आग जानबूझकर लगाई गई थी या यह दुर्घटनावश लगी, इसकी जांच अभी जारी है।
जर्मनी में भीषण आग से 3 भारतीयों की मौत।
मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल
जर्मन सार्वजनिक प्रसारक WDR (वेस्टडॉयचर रुंडफुंक) के मुताबिक, आग में जान गंवाने वाली दो महिलाओं की उम्र 25 और 27 साल थी, जबकि मृतक पुरुष की उम्र 26 साल थी। तीनों भारतीय नागरिक थे। हालांकि, उनकी पहचान और भारत में उनके गृह राज्यों के बारे में फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना में घायल हुए पांच लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी हुई। उन्हें इलाज के लिए बोखुम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों की राष्ट्रीयता और उनकी पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है।
हत्या के संदेह में 41 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार
जर्मन पुलिस और अभियोजन अधिकारियों ने बुधवार को एक 41 वर्षीय व्यक्ति की गिरफ्तारी की जानकारी दी। जर्मन न्यूज चैनल n-tv ने जर्मन समाचार एजेंसी DPA के हवाले से बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति रोमानियाई नागरिक है और उसी इमारत में रहता था।
WDR के मुताबिक, बोखुम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपी के खिलाफ हत्या का संदेह जताने के आधार मिले हैं। उससे हत्या के मामलों की जांच करने वाली पुलिस टीम ने पूछताछ भी की है। हालांकि, आरोपी की गिरफ्तारी को मामले में अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जा सकता। पुलिस आग लगने की परिस्थितियों और इसमें किसी की भूमिका की जांच कर रही है।
आग लगने की वजह की जांच जारी
जांचकर्ताओं ने आग लगने के पीछे किसी तकनीकी खराबी की आशंका को खारिज कर दिया है। फिलहाल उन्हें आगजनी का संदेह है। हालांकि, आग जानबूझकर लगाई गई थी या किसी दुर्घटना के कारण भड़की, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। यह आग मंगलवार तड़के बोखुम के होफस्टेड इलाके में स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में लगी थी। स्थानीय समय के अनुसार, सुबह करीब 4:15 बजे आपातकालीन सेवाओं को इसकी सूचना दी गई थी।
मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों को दूसरी मंजिल के एक अपार्टमेंट में तीनों मृतक मिले। आग की लपटें सीढ़ियों के रास्ते ऊपर तक फैल गई थीं, जिससे ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों तक पहुंचना दमकलकर्मियों के लिए मुश्किल हो गया।
सीढ़ियों से ऊपर तक फैल गई थीं लपटें
आग बुझाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के दौरान दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सीढ़ियों में आग फैलने के कारण उनका इस्तेमाल कर ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना संभव नहीं हो पा रहा था।
दमकलकर्मियों ने बचाव अभियान के दौरान दो लोगों को टर्नटेबल सीढ़ी की मदद से बाहर निकाला, जबकि दो अन्य लोगों को पोर्टेबल सीढ़ियों के जरिए बचाया गया। एक अन्य व्यक्ति को सुरक्षा के लिए लगाए गए एयर कुशन की मदद से बाहर निकाला गया।
