Nepal Protest: नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री झलनाथ खनाल की पत्नी रवि लक्ष्मी चित्रकार की मौत की अफवाहों के बीच अस्पताल ने उनकी मौजूदा हेल्थ कंडीशन के बारे में जानकारी दी है। बकौल अस्पताल प्रशासन, रवि लक्ष्मी चित्रकार की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
सुलग रहा नेपाल (फोटो साभार: AP)
बुरी तरह झुलस गईं चित्रकार
समाचार एजेंसी पीटीआई ने स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया कि काठमांडू के दल्लू इलाके में मंगलवार को झलनाथ खनाल के घर में आंदोलनकारी भीड़ ने आग लगा दी। इस दौरान घर के अंदर फंसी रवि लक्ष्मी चित्रकार गंभीर रूप से जल गईं।
कैसी हैं रवि लक्ष्मी चित्रकार
इस घटना के बाद अस्पताल में चित्रकार की मौत की अफवाह फैल गई। हालांकि, काठमांडू पोस्ट अखबार ने बुधवार को बताया कि चित्रकार की हालत स्थिर, लेकिन गंभीर है। कीर्तिपुर अस्पताल, जहां उन्हें गंभीर हालत में ले जाया गया था, की निदेशक डॉ. किरण नकर्मी ने कहा, "उनकी हालत गंभीर है और इलाज के लिए लाए जाने के समय जैसी थी, वैसी ही है।"
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया प्रतिबंध और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर पिछले तीन दिनों से नेपाल जल रहा है। प्रदर्शन इतना ज्यादा उग्र हो गया कि आंदोलनकारियों ने नेताओं के घरों को आग के हवाले कर दिया और केपी शर्मा ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा इसके बावजूद हालात सामान्य नहीं हो सके और सेना ने सुरक्षा को जिम्मा संभाला।
