दुनिया की सियासत में इन दिनों कई मोर्चों पर खींचतान जारी है। पश्चिम एशिया में ईरान से जुड़ा संघर्ष अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ा रहा है, वहीं रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग का कोई निर्णायक अंत नजर नहीं आ रहा। दूसरी तरफ अमेरिका और चीन के बीच तकनीक, व्यापार और सामरिक वर्चस्व की होड़ भी लगातार तेज हो रही है। ऐसे उथल-पुथल भरे माहौल में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 नवंबर को एक मंच पर आएंगे। यह पहली बार होगा जब इन तीनों महाशक्तियों के शीर्ष नेता एक साथ त्रिपक्षीय बैठक में शामिल होंगे। चीन ने इस बैठक की आधिकारिक पुष्टि करते हुए इसे ऐतिहासिक महत्व वाला बताया है। तीनों नेताओं के बीच वैश्विक शांति, परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और प्रमुख शक्तियों के बीच रणनीतिक स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
एक मंच पर आएंगे ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग। (फोटो- ANI)
यह बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान होगी। खास बात यह है कि दुनिया की तीन बड़ी परमाणु शक्तियों के नेता ऐसे समय आमने-सामने होंगे, जब यूक्रेन युद्ध, ईरान से जुड़ा संघर्ष और अमेरिका-चीन के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा अंतरराष्ट्रीय राजनीति को प्रभावित कर रहे हैं।
चीन ने क्यों बताई ऐतिहासिक बैठक?
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने 16 नवंबर को बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि यह तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की पहली आमने-सामने की त्रिपक्षीय मुलाकात होगी। उन्होंने इसे 'ग्राउंडब्रेकिंग सिग्निफिकेंस' यानी ऐतिहासिक महत्व वाला बताया। माओ निंग ने बताया कि तीनों नेता विश्व शांति की रक्षा और बड़ी शक्तियों के संबंधों में रणनीतिक स्थिरता को बढ़ावा देने पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिका, चीन और रूस संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य हैं। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में इन देशों की जिम्मेदारी है कि वे अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से निपटने और विश्व शांति बनाए रखने के लिए सहयोग करें।
परमाणु हथियारों पर होगी सबसे अहम बातचीत
इस बैठक में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और निरस्त्रीकरण सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल हो सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप चाहते हैं कि चीन भी परमाणु हथियारों की संख्या सीमित करने से जुड़ी बातचीत में शामिल हो। अमेरिका और रूस के पास दुनिया के सबसे बड़े परमाणु शस्त्रागार हैं, जबकि चीन का परमाणु भंडार तुलनात्मक रूप से छोटा है। चीन पहले ही अमेरिका और रूस के साथ ऐसी बातचीत में शामिल होने पर आपत्ति जता चुका है। बीजिंग का तर्क है कि जब तक अमेरिका और रूस अपने परमाणु हथियारों में कटौती नहीं करते, तब तक चीन को भी समान स्तर की वार्ता में शामिल करना उचित नहीं है।
गौरतलब है कि अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियारों को सीमित करने वाली न्यू स्टार्ट संधि फरवरी 2026 में समाप्त हो चुकी है। ऐसे में नई व्यवस्था बनाने का मुद्दा भी इस बैठक को महत्वपूर्ण बनाता है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस मुलाकात में किसी बड़े समझौते की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। इसे बातचीत की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
ईरान युद्ध पर ट्रंप रखेंगे अपना पक्ष
बैठक में ईरान से जुड़े संघर्ष का मुद्दा भी उठ सकता है। ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्षों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। अमेरिका की कोशिश क्षेत्रीय तनाव कम करने और संघर्ष को समाप्त करने के रास्ते तलाशने की हो सकती है।
ईरान के मुद्दे पर चीन और रूस की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। दोनों देशों के तेहरान के साथ कूटनीतिक और रणनीतिक संबंध हैं। ऐसे में ट्रंप इस बैठक का इस्तेमाल दोनों देशों के साथ बातचीत के जरिए आगे का रास्ता निकालने के लिए कर सकते हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर किसी साझा फैसले या समझौते की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
यूक्रेन युद्ध पर चर्चा को लेकर असमंजस
यूक्रेन युद्ध भी इस बैठक के संदर्भ में चर्चा का बड़ा विषय है, लेकिन इसके औपचारिक एजेंडे में शामिल होने की संभावना कम बताई जा रही है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, वाशिंगटन इस युद्ध को लेकर रूस और यूक्रेन के साथ अलग-अलग बातचीत कर रहा है। दूसरी ओर, रूसी राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन युद्ध को लेकर अपनी शर्तों पर चर्चा करना चाह सकते हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी आशंका जताई है कि बड़ी शक्तियां यूक्रेन को बातचीत में शामिल किए बिना उसके भविष्य को लेकर कोई समझौता न कर लें।
इस संभावित बैठक की तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन से भी की जा रही है, जहां अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ के नेताओं ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की वैश्विक व्यवस्था पर चर्चा की थी। हालांकि, क्रेमलिन ने ऐसी तुलना को लेकर कहा है कि शेनझेन में होने वाले किसी समझौते को दूसरे देशों पर थोपा नहीं जा सकता।
किम जोंग उन से मुलाकात पर भी नजर
चीन दौरे के दौरान ट्रंप की उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन से संभावित मुलाकात को लेकर भी चर्चा है। ट्रंप ने संकेत दिया है कि ऐसी मुलाकात संभव हो सकती है, लेकिन इसके लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भूमिका अहम होगी। हालांकि, अभी तक इस मुलाकात का कोई आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं हुआ है।
ट्रंप और किम इससे पहले अपने पहले कार्यकाल में तीन बार मिल चुके हैं। दोनों नेताओं की पिछली मुलाकात जून 2019 में हुई थी। ऐसे में अगर शेनझेन में दोनों की मुलाकात होती है तो उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम और अमेरिका-उत्तर कोरिया संबंधों को लेकर बातचीत का नया रास्ता खुल सकता है।
पूरी दुनिया की नजर शेनझेन बैठक पर
19 नवंबर को होने वाली इस बैठक का महत्व केवल तीन देशों के आपसी संबंधों तक सीमित नहीं है। परमाणु हथियारों पर नियंत्रण, ईरान से जुड़ा संघर्ष और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर तीनों नेताओं के रुख का असर अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पड़ सकता है।
