US tarrif on Israel: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सबसे करीबी सहयोगी देश इजरायल पर भी टैरिफ लगा दिया है। ट्रंप ने टैरिफ से जुड़े अपने जिस एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर किए उसमें इजरायल का भी नाम है। ट्रंप ने इजरायल पर 15 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। भारत सहित इन देशों पर टैरिफ एक अगस्त से लगना था लेकिन इसे एक सप्ताह के लिए टाल दिया गया है। खास बात यह है कि इजरायल ने अमेरिका से आयात होने वाले उत्पादों पर कोई टैरिफ नहीं लगाया है।
इजरायल पर ट्रंप ने लगाया है 15 प्रतिशत टैरिफ। तस्वीर-AP
इजरायल पर पहले लगाया था 17 प्रतिशत टैरिफ
बीते अप्रैल में ट्रंप ने इजरायल पर 17 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी लेकिन अब नए आदेश में इसे 15 प्रतिशत किया है यानी टैरिफ में दो प्रतिशत की कमी। रिपोर्टों के मुताबिक ट्रंप अपने टैरिफ के वार से अपने सहयोगी एवं करीबी देशों को नहीं बख्श रहे हैं लेकिन परंपरागत रूप से शत्रु देशों रूस अथवा उत्तर कोरिया पर उन्होंने कोई टैरिफ नहीं लगाया है।
इन देशों पर लगा टैरिफ
- 41% टैरिफ: सीरिया
- 40% टैरिफ: लाओस, म्यांमार
- 39% टैरिफ: स्विट्ज़रलैंड
- 35% टैरिफ: इराक, सर्बिया
- 30% टैरिफ: अल्जीरिया, बोस्निया एंड हर्जेगोविना, लीबिया, दक्षिण अफ्रीका
- 25% टैरिफ: भारत, ब्रुनेई, कजाखस्तान, मोल्दोवा, ट्यूनीशिया
- 20% टैरिफ: बांग्लादेश, श्रीलंका, ताइवान, वियतनाम
- 19% टैरिफ: पाकिस्तान, मलेशिया, इंडोनेशिया, कंबोडिया, फिलीपींस, थाईलैंड
- 18% टैरिफ: निकारागुआ
- 15% टैरिफ: इजरायल, जापान, तुर्की, नाइजीरिया, घाना और कई अन्य
- 10% टैरिफ: ब्राजील, यूनाइटेड किंगडम, फॉकलैंड द्वीपसमूह
व्यापार घाटा देख टैरिफ लगा रहे ट्रंप
ट्रंप की दलील है कि इजरायल पर टैरिफ लगाने का उनका मकसद उसके साथ होने वाले व्यापार घाटे में कमी लाना है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ लगाने की जब शुरुआत की थी तो उन्होंने कहा था कि यह 'रेसिप्रोकल' यानी जवाबी होगा। मतलब जो देश जितना टैरिफ लगाएगा, वह भी उतना ही टैरिफ लगाएंगे लेकिन व्हाइट हाउस का कहना है कि अब टैरिफ व्यापार घाटे को देखते हुए लगाया जा रहा है।
अमेरिका-इजरायल के बीच 9.4 अरब डॉलर का व्यापार घाटा
व्हाइट हाउस का कहना है कि जिन देशों के साथ अमेरिका का व्यापार घाटा ज्यादा है, उन देशों पर 15 प्रतिशत और जिन देशों के साथ यह कम है उन पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया है। अमेरिका और इजरायल के बीच व्यापार घाटा करीब 9.4 अरब डॉलर का है, इसलिए उस पर टैरिफ 15 प्रतिशत लगा है। इससे पहले, अप्रैल की शुरुआत में इजरायल ने अमेरिकी आयात पर अपने सभी टैरिफ खत्म कर दिए।
कनाडा पर टैरिफ 25% से बढ़ाकर किया 35%
कनाडा पर टैरिफ 25% से बढ़ाकर 35% करने के फैसले पर ट्रंप प्रशासन ने कहा कि यह कदम कनाडा द्वारा अवैध ड्रग संकट से निपटने में विफलता और अमेरिका द्वारा इस खतरे से निपटने के लिए उठाए गए कदमों के जवाब में की गई प्रतिशोधात्मक कार्रवाई के कारण उठाया गया है। कनाडा के साथ-साथ, व्हाइट हाउस ने दर्जनों अन्य देशों के लिए भी अपडेटेड टैरिफ दरें जारी की हैं।
