US Strikes on Venezuela: अमेरिकी सेना द्वारा चलाए गए सैन्य अभियान में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के पकड़े जाने के बाद उनकी तस्वीर सामने आई है। सैन्य अभियान में मादुरो के पकड़े जाने के कुछ घंटों बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'ट्रुथ सोशल' पर हथकड़ी और आंखों पर पट्टी बांधे वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की एक अमेरिकी युद्धपोत पर ली गई तस्वीर पोस्ट की। तस्वीर में 63 वर्षीय मादुरो ग्रे रंग की स्वेटशर्ट और स्वेटपैंट में नजर आ रहे हैं। वह कानों में बड़े हेडफ़ोन लगाए हुए हैं, और एक प्लास्टिक की पानी की बोतल पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं।
ट्रंप ने दिखाई मादुरो की पहली तस्वीर (AP/Truth Social)
ट्रंप का ऐलान- अमेरिका वेनेजुएला को चलाएगा
ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जब तक सत्ता का सुरक्षित हस्तांतरण नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका वेनेजुएला को चलाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सैन्य अभियान के बादवह अमेरिकी तेल कंपनियों को वेनेजुएला में प्रवेश करने और उसके विशाल कच्चे तेल भंडार का दोहन करने की अनुमति देंगे। वेनेजुएला पर 2019 से अमेरिकी तेल प्रतिबंध लगे हुए हैं। यह देश प्रतिदिन लगभग दस लाख बैरल कच्चे तेल का उत्पादन करता है। ट्रंप का दावा है कि कराकस तेल के पैसे का इस्तेमाल नशीली दवाओं से जुड़े आतंकवाद, मानव तस्करी, हत्या और अपहरण को वित्त पोषित करने के लिए कर रहा है।
वेनेजुएला अमेरिकी सेना के शीर्ष जनरल डैन केन ने पत्रकारों को बताया कि कराकस में रात के समय की गई छापेमारी में वेनेजुएला के राष्ट्रपति को छुड़ाने के लिए चलाए गए सैन्य अभियान की महीनों की योजना और पूर्वाभ्यास" की गई थी और इसमें 150 से अधिक अमेरिकी विमानों का इस्तेमाल किया गया था।
ट्रंप बोले, वेनेजुएला के लोगों को समृद्ध, स्वतंत्र और सुरक्षित बनाएंगे
ट्रंप ने कहा, हम वेनेजुएला के लोगों को समृद्ध, स्वतंत्र और सुरक्षित बनाएंगे। अवैध तानाशाह मादुरो एक विशाल आपराधिक नेटवर्क का सरगना था, जो अमेरिका में भारी मात्रा में घातक और अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए जिम्मेदार था। मादुरो और उनकी पत्नी को जल्द ही अमेरिकी न्याय व्यवस्था की ताकत का सामना करना पड़ेगा और अमेरिकी धरती पर उन पर मुकदमा चलेगा। इस समय वे एक जहाज पर हैं जो न्यूयॉर्क की ओर जा रहा है। मेरा मानना है कि न्यूयॉर्क और मियामी या फ्लोरिडा के बीच किसी एक स्थान का फैसला किया जाएगा।
अटॉर्नी जनरल पामेला बोंडी द्वारा X पर साझा किए गए एक अभियोग पत्र के अनुसार, मादुरो और फ्लोरेस पर नशीली दवाओं की तस्करी और नार्को-आतंकवाद की साजिशों से संबंधित कई वैधानिक आरोप हैं। मादुरो की गिरफ्तारी अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है। इससे पहले, ट्रंप ने अमेरिकी युद्धपोत इवो जिमा पर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की पहली तस्वीर जारी की थी। शनिवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, निकोलस मादुरो यूएसएस इवो जिमा (USS Iwo Jima) पर सवार हैं।
