Nepal News: नेपाल में बीती रात एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम हुआ। नेपाली कांग्रेस और सीपीएन-यूएमएल के बीच नई सरकार के गठन के लिए समझौता हुआ। इस समझौते के बाद पुष्प दहल कमल प्रचंड को प्रधानमंत्री पद छोड़ना होगा। केपी शर्मा ओली गठबंधन सरकार के अगले पीएम होंगे। दोनों दलों के नेताओं ने इस समझौते की पुष्टि की है। इस समझौते के बाद गत 4 मार्च को जो सरकार बनी थी, उसका गिरना तय और नई सरकार के बनने का रास्ता साफ हो गया है।
नेपाल के नए पीएम होंगे केपी शर्मा ओली।
डेढ़-डेढ़ साल के लिए PM बनेंगे ओली-देउबा
रिपोर्टों के मुताबिक नेपाली कांग्रेस और यूएमएल के चेयरमैन केपी शर्मा ओली के बीच हुए इस समझौते के तहत दोनों नेता डेढ़-डेढ़ साल के लिए बारी-बारी से पीएम बनेंगे। समझौते के मुताबिक पहले ओली नई सरकार का नेतृत्व करेंगे। नई सरकार के बारे में जल्द ही घोषणा होगी। डेढ़ साल सरकार चलाने के बाद अगले चुनाव तक वह सरकार का नेतृत्व देउबा को सौंप देंगे।
यह भी पढ़ें- लोकसभा में अपने भाषण के अंश हटाने पर बिफरे राहुल, स्पीकर ओम बिरला को लिखा पत्र, कहा- मैं शॉक्ड हूं
सबसे बड़ी पार्टी है नेपाली कांग्रेस
बता दें कि नेपाल के प्रतिनिधि सदन में सबसे बड़ी पार्टी नेपाली कांग्रेस के पास 89 सीट जबकि सीपीएन-यूएमएल के पास 78 सीट हैं। दोनों दलों की संयुक्त संख्या 167 है जो 275 सदस्यीय सदन में बहुमत के 138 सीट के आंकड़े के लिए पर्याप्त है। इस समझौते को मंगलवार को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। रिपोर्टों के अनुसार दोनों दलों के कई वरिष्ठ नेताओं के हवाले से कहा गया है कि दोनों नेता नई सरकार बनाने, संविधान में संशोधन करने और सत्ता बंटवारे के फॉर्मूले पर बातचीत करने के लिए सहमत हुए।
नेपाल में 16 साल में 13 सरकारें बनीं
नेपाल में बीते 16 साल में 13 सरकारें बनी हैं जिससे इस हिमालयी देश की राजनीतिक प्रणाली की कमजोरी जाहिर होती है। सीपीएन-यूएमएल के करीबी सूत्रों ने बताया कि प्रचंड नीत मंत्रिमंडल में पार्टी के मंत्री दोपहर को सामूहिक रूप से इस्तीफा दे सकते हैं। सीपीएन-यूएमएल के सचिव शंकर पोखरेल ने मीडियाकर्मियों को बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री ओली के नेतृत्व में एक राष्ट्रीय सरकार बनाने के लिए नेपाली कांग्रेस के साथ एक समझौता किया गया है। इस बीच, सीपीएन-माओवादी सेंटर के करीबी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री प्रचंड ताजा राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए सीपीएन-यूएमएल प्रमुख ओली से बातचीत कर रहे हैं। प्रचंड (69) ने अपने डेढ़ साल के कार्यकाल के दौरान संसद में तीन बार विश्वास मत जीता है।
