India Canada Row: खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के बीच रिश्ते खटास भरे हो गए हैं। एक आतंकी की मौत से खड़ा हुआ विवाद दोनों देशों के बीच राजनयिक रिश्तों तक पहुंच गया है। इस बीच कनाडा की कंजर्वेटिव पार्टी के प्रमुख और विपक्षी नेता पियरे पोइलिव्रे ने भारत के साथ खराब रिश्तों के लिए पीएम जस्टिन ट्रूडो को जिम्मेदार ठहराया है।
कनाडाई नेता पियरे ने कहा कि आठ साल सत्ता में रहने के बाद भी जस्टिन ट्रूडो भारत के साथ संबंधों की कीमत नहीं समझ पाए हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने कहा, अगर वे प्रधानमंत्री बनेंगे तो सबसे पहले भारत और कनाडा के बीच अच्छे रिश्ते बहाल करेंगे।
भारत के साथ औपचारिक रिश्ते जरूरी
एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा, भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। इसलिए हमें भारत के साथ औपचारिक और पेशेवर रिश्ते बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, दोनों देशों के बीच असहमति होना ठीक है, लेकिन भारत के साथ औपचारिक रिश्ते आवश्यक हैं। उन्होंने भारत से कनाडा के 41 डिप्लोमैट्स को वापस बुलाने पर ट्रूडो पर गंभीर आरोप लगाए और उन्हें असक्षम और गैरपेशेवर करार दिया। उन्होंने कहा, आज के समय में कनाडा का भारत ही नहीं दुनिया की हर महाशक्ति के साथ विवाद है।
हिंदू मंदिरों की तोड़फोड़ पर क्या बोले पियरे
कनाडा में हिंदुओं और हिंदू मंदिरों में जारी तोड़फोड़ पर भी कनाडाई नेता ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, जो लोग हिंदू मंदिरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए। बता दें, निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के बीच रिश्ते बिगड़ते जा रहे हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की हत्या में भारतीय साजिश का आरोप लगाया। इसके बाद मामला बढ़ता ही चला गया। भारत ने इन आरोपों का खंडन किया। अभी हाल ही में भारत ने कनाडा के 41 राजनयिकों को वापस भेज दिया।
