Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (स्थायी समयानुसार) को कहा कि ईरान के साथ जारी युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका सीजफायर नहीं चाहता क्योंकि सैन्य अभियान जारी रखना अभी भी उसकी प्राथमिकता में शामिल है। फ्लोरिडा स्थित अपने आवास पाम बीच रवाना होने से पहले ट्रंप ने व्हाइट हाउस के बाहर कहा, 'हम बातचीत कर सकते हैं लेकिन अभी मैं सीजफायर नहीं चाहता। आप दूसरे पक्ष को जब मिटा देने के करीब हों तो आप सीजफायर नहीं चाहते। हम उस ओर नहीं देख रहे हैं।'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
स्टार्मर के फैसले से थोड़ा हैरान हूं-ट्रंप
ईरान पर हमले के लिए अपने सैन्य बेस के इस्तेमाल की इजाजत देने के ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के फैसले पर ट्रंप ने कहा कि 'ब्रिटेन के इस फैसले पर मैं थोड़ा हैरान हूं। उन्हें इस बारे में थोड़ा जल्दी फैसला करना चाहिए था।' ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्टार्मर के इस फैसले की आलोचना की है। अराघची ने कहा है कि स्टार्मर का यह फैसला ब्रिटिश नागरिकों के जीवन को खतरे में डालने वाला है। स्टार्मर के इस कदम को युद्ध में एक पक्ष के तौर पर देखा जाएगा।
अराघची ने ब्रिटेन को दी चेतावनी
अपने X पोस्ट में ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि 'ब्रिटेन के ज्यादातर लोग इस युद्ध में शामिल नहीं होना चाहते।' उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ब्रिटेन की सरकार लोगों के भावनाओं के खिलाफ काम कर रही है। अराघची ने कहा, 'अपने लोगों की भावनाओं को नजरंदाज कर और ईरान के खिलाफ सैन्य बेस के इस्तेमाल की इजाजत देकर स्टार्मर उनके जीवन को खतरे में डाल रहे हैं। तेहरान अपनी सुरक्षा के अधिकार का इस्तेमा करेगा।'
'मध्य पूर्व में लक्ष्यों को हासिल करने के करीब'
ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि मध्यपूर्व में अपने उद्देश्यों को हासिल करने के करीब पहुंच गया है। साथ ही उन्होंने सैन्य अभियान समाप्त करने के संकेत भी दिए। X पर ट्रंप ने कहा, 'हम अपने लक्ष्यों को पाने के बहुत करीब पहुंच चुके हैं। इसे देखते हुए मध्य पूर्व में हम अपने सैन्य अभियान को समेटने के बारे में विचार कर रहे हैं।'
हम इसे याद रखेंगे-ट्रंप
नाटो की आलोचना करते हुए ट्रंप ने कहा कि 'बिना यूएस नाटो कुछ भी नहीं है, वे कागज के शेर हैं। अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने जो कहा है कि अमेरिका के बिना नाटो कागज का शेर है, वे न्यूक्लियर हथियार वाले ईरान को रोकने के लिए लड़ना नहीं चाहते। सैन्य रूप से यह लड़ाई जीत ली गई है, उनके लिए बहुत थोड़ा खतरा है। वे शिकायत कर रहे हैं इस लड़ाई की वजह से उन्हें तेल के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है लेकिन वे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलवाने में मदद नहीं करना चाहते। हमारे केवल एक सैन्य अभियान से तेल की कीमत बढ़ी है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में वारिशप भेजना उनके लिए आसान था...कायर....हम इसे याद रखेंगे।'
