Bangladesh President Mohammed Shahabuddin Resigns: बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके एक करीबी सहयोगी ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, अभी तक राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से इस्तीफे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इसके पीछे स्वास्थ्य संबंधी कारण बताए जा रहे हैं।
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिया इस्तीफा
आपको बता दें कि मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अप्रैल 2023 में राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। उनका कार्यकाल पांच साल का था और अभी करीब दो साल बाकी थे। ऐसे में कार्यकाल पूरा होने से पहले उनका इस्तीफा देना बांग्लादेश (Bangladesh President Resignation) की राजनीति में बड़ी घटना माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से उनके इस्तीफे की चर्चाएं तेज थीं। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि सरकार और राष्ट्रपति के बीच कुछ मुद्दों को लेकर मतभेद बढ़ गए थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: रेलवे और केमिकल सेक्टर को बड़ा तोहफा! कैबिनेट ने 2 अहम परियोजनाओं को दी मंजूरी, 4 हजार करोड़ से ज्यादा होंगे खर्च
कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि राष्ट्रपति द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से संपर्क करने की कोशिशों को लेकर सरकार असहज थी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गौरतलब है कि बांग्लादेश में अगस्त 2024 में हुए छात्र आंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। इसके बाद उन्होंने भारत में शरण ली थी। वर्तमान में देश की राजनीति काफी संवेदनशील दौर से गुजर रही है और इसी बीच राष्ट्रपति का इस्तीफा एक नई राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
बांग्लादेश के संविधान के अनुसार, यदि राष्ट्रपति इस्तीफा देते हैं तो नए राष्ट्रपति के चुनाव तक संसद के स्पीकर कार्यवाहक राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालते हैं। ऐसे में अब आगे की संवैधानिक प्रक्रिया के तहत नए राष्ट्रपति के चुनाव की तैयारी की जाएगी। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के इस्तीफे के बाद बांग्लादेश की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ेगी, इस पर सबकी की नजर बनी हुई है।
