All-party delegation at Guyana : कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अगुवाई में सर्वदलीय शिष्टमंडल इस समय गुयाना में है। गुयाना पहुंचने पर भारतीय शिष्टमंडल का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। शिष्टमंडल की मुलाकात वहां के प्रधानमंत्री ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) मार्क एंथनी फिलिप और उप राष्ट्रपति भरत जगदेव से हुई। गुयाना के पीएम से मुलाकात के बाद थरूर ने कहा कि 'पीएम फिलिप के गर्मजोशी भरे स्वागत और रात्रिभोज का आयोजन करने के लिए हम आभारी हैं।'
गुयाना पहुंचा है शशि थरूर की अगुवाई वाला भारतीय सर्वदलीय शिष्टमंडल।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि 'रात्रिभोज में गुयाना कैबिनेट के कई सदस्य मौजूद थे। यही नहीं गुयाना के 59वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शरीक होना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। रात्रिभोज के दौरान हमारी बहुत अच्छी बात हुई। हमने आतंकवाद के मुद्दे पर भी बात की।' थरूर ने कहा कि गुयाना और भारत के बीच सहयोग की असीम संभावनाएं हैं। टेक्निकल सहयोग कार्यक्रम के लिए हर साल गुयाना सरकार के लोग बड़ी संख्या में भारत आते हैं। भारत में इनका तीन से छह महीने तक प्रशिक्षण चलता है।
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि 'आज हमने गुयाना के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात की। इन दोनों महत्वपूर्ण बैठकों में इन दोनों देशों के शीर्ष अधिकारियों ने भारत के पक्ष में बात की है और ऑपरेशन सिंदूर का पूरा समर्थन किया है। गुयाना और भारत के बीच बहुत पुराने और बेहतरीन रिश्ते हैं। गुयाना की करीब 40% आबादी भारतीय संस्कृति से जुड़ी हुई है और वे भारतीय मूल के हैं।'
सूर्या ने कहा कि 1830-1840 के आसपास, खासकर तत्कालीन उत्तर प्रदेश और आज के बिहार से 2 लाख से ज्यादा लोग ब्रिटिश काल में कृषि कार्य करने के लिए अनुबंध पर यहां आए थे। दिवाली हो, रामायण की कहानियां हों, होली हो या बॉलीवुड फिल्में, ऐसा लगता है जैसे आप किसी छोटे भारत में आ गए हों। गुयाना हमेशा 'ऑपरेशन सिंदूर' की बात करता है और इस दौरान गुयाना ने हर तरह से भारत का समर्थन किया है। आज गुयाना का 59वां स्वतंत्रता दिवस भी है। हम उस कार्यक्रम में भी भाग ले रहे हैं और गुयाना के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हैं।
भारत के इस प्रतिनिधिमंडल में सरफराज अहमद (झारखंड मुक्ति मोर्चा), गणपति हरीश मधुर बालयोगी (तेलुगू देशम पार्टी), शशांक मणि त्रिपाठी (भारतीय जनता पार्टी), भुवनेश्वर कलिता (भाजपा), मिलिंद देवड़ा (शिवसेना), तेजस्वी सूर्या (भाजपा) और अमेरिका में भारत के राजदूत रह चुके तरणजीत संधू शामिल हैं।
