कहते हैं कि बंदरों के पास अक्ल नहीं होती, वे सिर्फ दूसरों की नकल करते हैं। लेकिन हाल में ही एक वायरल वीडियो ने बंदरों के बारे में सालों से चली आ रही गलत धारणा को तोड़कर रख दिया। जी हां! सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में दो बंदरों ने अपने तेज दिमाग और बुद्धि का परिचय देते हुए सोशल मीडिया यूजर्स को हैरत में डाल दिया।
पिंजरे को खोलता बंदर (X/@Rainmaker1973)
बंदरों के पास इतना दिमाग!
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कमरे में दो बंदरों को पिंजरे में बंद करके छोड़ दिया गया है। आप देख सकते हैं कि दोनों बंदरों को अलग-अलग पिंजरे में बंद किया गया है और उन्हें एक-दूसरे से थोड़ी दूरी पर रखा गया है। ऐसे में पिंजरे के अंदर बंद बंदर उछल-कूद मचाते हुए उससे बाहर निकलने की एक तरकीब सोच लेते हैं और इसी आइडिया की वजह से वे पिंजरे की कैद से मुक्त हो जाते हैं।
पिंजरे का दरवाजा खोल डाला
वीडियो में दिख रहा है कि एक बंदर अपने पिंजरे से अपनी पूंछ बाहर निकालता है और दूसरे बंदर को इशारों ही इशारों में पकड़ने के लिए कहता है। दूसरा बंदर पिंजरे में बंद बंदर की पूंछ को पकड़ लेता है। दूसरे बंदर के पूंछ पकड़ते ही पहला बंदर अपनी पूंछ को अपनी तरफ खींचते हुए दूसरे बंदर के पिंजरे को अपने पास ले आता है। फिर वह उस बंदर के पिंजरे के दरवाजे की चिटकनी को अपने हाथों से खोल देता है, जिससे पिंजरा खुल जाता है।
लाखों लोगों ने देखी बंदरों की यह चालाकी
यहीं पर वीडियो का The End हो जाता है। वीडियो में यह स्पष्ट तौर पर नहीं दिखाया गया है कि बंदर उस पिंजरे से आजाद हो पाते हैं या नहीं। लेकिन पिंजरे के खुलने से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि बंदर पिंजरे की कैद से मुक्त हो गए होंगे। इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @Rainmaker1973 नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक करीब 40 लाख लोगों ने देखा और 34 हजार लोगों ने इसे लाइक किया है।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
वीडियो में बंदरों की तेज बुद्धि को देख लोग हैरान हैं और सोच में पड़ गए कि आखिर इन बंदरों को इतनी अक्ल आई कहां से? वीडियो पर लोगों ने हैरानी जताते हुए अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "इन्होंने तो बंदरों की जात ही बदल डाली।" दूसरे ने लिखा, "ये तो दूसरी दुनिया के बंदर लग रहे हैं।"
