Viral Video: भारत संस्कारों का देश है। हमारे यहां 16 संस्कार निभाए जाते हैं। संस्कार मतलब धार्मिक कृत्य। मुंडन संस्कार इन्हीं संस्कारों में शामिल है, जिसका अपना महत्व है। बच्चे के जन्म के कुछ समय बाद ही मुंडन संस्कार निभाया जाता है। जिसमें बच्चे के सिर का मुंडन किया जाता है। इंसान के बच्चे का मुंडन संस्कार तो आम बात है लेकिन क्या आपने कभी किसी भैंस के बच्चे के मुंडन संस्कार की बात सुनी है। उत्तर प्रदेश में भैंस के बच्चे का मुंडन संस्कार इन दिनों चर्चा में है।
भैंस की पड़िया का मुंडन संस्कार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल (Viral Video) हो रहा है। इस वीडियो को देखकर आप भी दंग रह जाएंगे। वीडियो में देखा जा सकता है कि पूरे रीति-रिवाज के साथ भैंस के एक बच्चे का मुंडन संस्कार किया गया। इसके बारे में जिसने भी सुना वह हैरान है। ज्यादातर लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि ऐसा क्यों किया गया। बता दें कि उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक किसान ने अपनी भैंस की पड़िया का मुंडन संस्कार बहुत ही धूमधाम से किया। देखें वीडियो-
पूरे रीति-रिवाज के साथ भैंस की पड़िया का मुंडन
हरदोई जिले के बघौली थाना क्षेत्र स्थित सुन्नी गांव में एक किसान ने अपने भैंस की पड़िया का मुंडन संस्कार किया। दरअसल, इस किसान के भैंस के बच्चे जन्म लेने के कुछ समय बाद ही मर जाते थे। ऐसे में इस किसान ने गांव में ही स्थापित एक देवी मां के मंदिर में मन्नत मांगी थी। मन्नत के बाद उसकी भैंस ने एक पड़िया को जन्म दिया था और अब पड़िया तीन साल की हो गई है। इसके बाद किसान ने बड़े धूम-धाम से उसका मुंडन करवाया। किसान ने उसी देवी मां के मंदिर में जाकर पड़िया का मुंडन करवाया।
यूट्यूब चैनल RB Pali ने इसका वीडियो शेयर किया है। इसके अनुसार, भैंस की पड़िया के मुंडन संस्कार में किसान ने 300 से ज्यादा लोगों को दावत भी कराई। इस तरह का आयोजन गांव में पहले कभी नहीं हुआ था। इसके बारे में जिसने भी सुना वह दंग रह गया। इस पूरे कार्यक्रम में किसान ने लगभग 95 हजार रुपये खर्च किए।
