Humanoid Robot: मकाऊ में एक अजीब और थोड़ी मजेदार घटना सामने आई, जब एक ह्यूमनॉइड रोबोट की वजह से एक बुजुर्ग महिला घबरा गई। यह घटना पिछले गुरुवार को पटाने इलाके के लोक युंग फा युएन नाम के एक आवासीय परिसर के पास हुई। उस समय महिला अपने फोन पर बात कर रही थी और आराम से सड़क पर चल रही थी। बताया जा रहा है कि तभी अचानक एक ह्यूमनॉइड रोबोट उसके पीछे आ गया। महिला ने जब पीछे मुड़कर देखा तो वह रोबोट को देखकर घबरा गई। रोबोट को अचानक अपने पीछे देखकर वह काफी डर गई और गुस्से में उसकी ओर मुड़कर उसे रोकने की कोशिश करने लगी।
रोबोट को देखकर घबरा गई बुजुर्ग महिला, देखें वीडियो (X/@CyberRobooo)
दो पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला रोबोट का सामना कर रही है और कुछ ही देर में दो पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच जाते हैं। अधिकारियों में से एक रोबोट के कंधे पर हाथ रखकर उसे वहां से हटाता हुआ दिखाई देता है। हालांकि इस घटना में महिला को कोई शारीरिक चोट नहीं लगी, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी। बाद में महिला ने इस मामले को आगे बढ़ाने से भी इनकार कर दिया।
पुलिस ने रोबोट को किया गिरफ्तार-लोगों ने कहा
जैसे ही यह खबर इंटरनेट पर फैली, सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कई लोगों ने मजाक में कहा कि पुलिस ने रोबोट को ही “गिरफ्तार” कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रोबोट मकाऊ के एक शिक्षा केंद्र का था। उस शिक्षा केंद्र द्वारा रोबोट का इस्तेमाल प्रचार गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने बाद में रोबोट को उसके संचालक को वापस सौंप दिया। संचालक करीब 50 साल का एक स्थानीय व्यक्ति बताया गया है। पुलिस ने उसे भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए अधिक सावधानी बरतने की सलाह भी दी। यह घटना भले ही छोटी थी, लेकिन इसने लोगों के बीच रोबोट और इंसानों के बीच बढ़ती तकनीक को लेकर एक नई चर्चा जरूर शुरू कर दी है।
