सोशल मीडिया पर ऐसी कई सक्सेस स्टोरी वायरल होती हैं, जो लोगों को सच्ची प्रेरणा देने का काम करती हैं। हाल में एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसने हर किसी का दिल छू लिया। इस वीडियो में एक मां-बेटे के सफलता की कहानी को दिखाया गया है, जिसमें बताया गया है कि दोनों ने मिलकर एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है।
रिजल्ट देखने के बाद खुशी से झूम उठा परिवार (X/@revathitweets)
मां-बेटे ने एक साथ दी दसवीं की परीक्षा
वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल साइट एक्स पर @revathitweets नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि बी. लक्ष्मी हरी नाम की एक महिला ने सिर्फ 6वीं तक पढ़ाई की थी। शादी और बच्चों की जिम्मेदारियों के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। समय बीतता गया, लेकिन कहीं न कहीं उनके अंदर पढ़ने की इच्छा हमेशा जिंदा रही। इसके बाद उनकी जिंदगी में एक खूबसूरत मोड़ आया। जब उनका बेटा विजय 10वीं कक्षा में पहुंचा। विजय ने अपनी मां से कहा कि वे भी उसके साथ 10वीं की परीक्षा दें। बेटे के इस हौसले ने मां को फिर से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। फिर क्या था, दोनों ने साथ में तैयारी की और इस साल 10वीं की परीक्षा दी।
ये भी पढ़ें:
रिजल्ट देख खुशी से झूम उठे मां-बेटे
जब दोनों लोगों का रिजल्ट आया, तो परिवार की खुशी दोगुनी हो गई। इस रिजल्ट में मां लक्ष्मी ने 600 में से 360 अंक हासिल किए। वहीं, विजय ने शानदार 562 अंक प्राप्त किए लेकिन इस कहानी की सबसे खास बात नंबर नहीं, बल्कि उनकी खुशी है। वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि जैसे ही रिजल्ट आता है, मां-बेटे अपना-अपना रिजल्ट देख खुशी से झूम पड़ते हैं और एक-दूसरे को गले लगाकर खुशियां जाहिर करते हैं। वीडियो (Video) में दिख रहा है कि मां की आंखों में खुशी के आंसू छलक रहे हैं। सोशल मीडिया पर मां और बेटे की यह उपलब्धि लोगों के दिलों को छू रही है।
वीडियो देख लोग हुए भावुक
इस वीडियो (Video) को सोशल साइट एक्स पर @revathitweets नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक 1 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और 4100 लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "सीखने की कोई उम्र नहीं होती, और अगर साथ में परिवार का साथ हो, तो कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।" दूसरे ने लिखा, "मां और बेटे की यह मुस्कान सच में 100/100 है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
