अपने देश के जवानों की जितनी भी तारीफ की जाए वह कम है। देश की सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की मदद करने में ये कोई कसर नहीं छोड़ते। इसका एक जीता-जागता उदाहरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो (Video) में देखने को मिला। जहां एक ट्रक रेलवे ट्रैक पर फंसा तो जवानों ने मिलकर उस भारी-भरकम ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाकर एक बहुत ही बड़ा हादसा टाल दिया।
सेना के जवानों ने मिलकर टाला बहुत बड़ा हादसा (X/@Alpakanya)
वर्दी वाले बने फरिश्ते
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। जिसे देखकर लोग इन जवानों की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं। हमने इस वीडियो को सोशल साइट एक्स से @Alpakanya नाम के यूजर के अकाउंट से लिया है। वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि यह घटना मध्य प्रदेश के सागर जिले की है। भारतीय सेना की 10वीं बटालियन के QRF जवान ड्यूटी के लिए दमोह की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे ट्रैक पर खड़े एक भारी ट्रक पर पड़ी। ट्रक किसी वजह से ट्रैक पर फंस गया था और आगे नहीं बढ़ पा रहा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
जवानों ने ट्रैक से ट्रक हटाकर बचाया बड़ा हादसा
रेलवे ट्रैक पर किसी वाहन का इस तरह फंसना बेहद खतरनाक हो सकता है। अगर उसी समय कोई ट्रेन वहां पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। जवानों ने खतरे को समझने में बिल्कुल भी देर नहीं की और तुरंत ट्रक की मदद के लिए दौड़ पड़े। जवानों ने अपनी पूरी ताकत लगाकर ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाने की कोशिश शुरू कर दी। कई जवानों ने मिलकर भारी वाहन को धक्का दिया। लगातार कोशिश के बाद आखिरकार ट्रक पटरी से हट गया। इस तरह एक संभावित रेल हादसा टल गया। जवानों की इस मदद से ट्रक चालक भी बेहद भावुक हो गया। ट्रक को सुरक्षित जगह पहुंचाने के बाद उसने जवानों के प्रति आभार जताया और उनके पैर छूकर धन्यवाद किया।
ट्रक ड्राइवर ने छुए जवानों के पैर
वायरल वीडियो (Viral Video) में आप देख सकते हैं कि सेना के जवान मिलकर रेलवे ट्रैक पर फंसे ट्रक को पीछे की तरफ धकेल रहे हैं। उनकी ताकत के सामने फंसा हुआ ट्रक भी पीछे हटने पर मजबूर हो जाता है। ऐसे ही जवानों ने धक्का देकर आखिरकार ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटा ही दिया। अगले ही पल एक मालगाड़ी उस ट्रैक से गुजरती हुई भी दिख रही है। आगे वीडियो में ट्रक का ड्राइवर उन जावनों के सामने हाथ जोड़कर उनका धन्यवाद करते नजर आ रहा है और उसने जवानों के पैर छूकर भी अपना आभार जताया।
लोग सेना के जवानों की कर रहे तारीफ
इस घटना की तस्वीरें और जानकारी सामने आने के बाद लोग भारतीय सेना के जवानों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया (Social Media) यूजर्स का कहना है कि जवानों ने सिर्फ अपनी ड्यूटी नहीं निभाई, बल्कि समय रहते अपनी जिम्मेदारी समझकर कई लोगों की जान बचाने का काम किया। अगर जवान वहां से गुजरते हुए ट्रक को नजरअंदाज कर देते, तो कुछ ही देर में बड़ा हादसा हो सकता था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
