Viral Video: होली के पर्व को देश भर में लोगों ने धूमधाम से मनाया। बच्चे, बड़े, बूढ़े सभी लोगों ने मिलकर इस दिन जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए और पकवान खाए। ऐसा ही कुछ खुशनुमा माहौल भारत में जापान के राजदूत हिरोशी सुजुकी के घर भी रहा। सुजुकी ने अपनी पत्नी ईको सुजुकी के साथ होली खेलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जिसके बाद ये वीडियो काफी वायरल होने लगी। इसमें जापान का ये क्यूट कपल एक दूसरे पर रंगों की बारिश करते हुए नजर आ रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए जापान के राजदूत ने लिखा कि, "होली की शुभकामनाएं!"
होली खेलते सुजुकी दंपति।
कुछ ही मिनटों में वीडियो वायरल
हिरोशी सुजुकी ने सोशल मीडिया पर जो वीडियो पोस्ट किया है उसमें वे सफेद टी-शर्ट और पैंट में नजर आ रहे हैं। वहीं, उनकी वाइफ ईको सुजुकी ने काली टी-शर्ट और पैंट पहनी हुई है। इस वीडियो को अब तक 1.8 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और संख्या अभी भी बढ़ रही है। वहीं, 12,000 से अधिक लोग इसे लाइक भी कर चुके हैं।
बता दें कि, इससे पहले सुजुकी ने अपनी पत्नी ईको सुजुकी के साथ मुंबई फिल्म सिटी का दौरा किया था। एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो में वे 'सौदे बाजी' गाने पर पत्नी संग डांस करते दिखे। तस्वीरों में से एक में ये कपल फोटो क्लिक करते भी दिखा। उन्होंने आमिर खान की रोमांस कॉमेडी 3 इडियट्स फिल्म में इस्तेमाल की गई प्रतिष्ठित कुर्सियों पर बैठे हुए अपनी, अपनी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति की तस्वीर भी साझा की।
यूजर्स ने किया रिएक्ट
कई बार ऐसे मौके आ चुके हैं जब हिरोशी सुजुकी भारतीय परंपरा, पूजा-पद्धति और हिन्दू त्योहारों के मुरीद होते हुए दिखे। इनकी होली सेलिब्रेशन की फोटोज देखकर यूजर्स ने इस पर कमेंट किया। एक ने कहा कि, “हैप्पी होली, सुजुकी और परिवार।'' दूसरे ने लिखा कि, “अद्भुत। होली की शुभकामनाएं!" तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'आप सभी को जीवंत रंगों और शालीनता के साथ होली की हार्दिक शुभकामनाएं।' वहीं, चौथे यूजर ने कहा कि, 'मैं आपको और आपके परिवार को होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। भगवान कृष्ण आपके जीवन को सुंदर रंगों से भर दें।'
