मुंबई से ईमानदारी की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है। दरअसल, एक कैब ड्राइवर को अपनी कैब में यात्री का महंगा iPhone 16 मिला। वह चाहता तो फोन अपने पास रख सकता था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। ड्राइवर ने यात्री को उसका फोन वापस करने के लिए खुद उसके पास जाने का फैसला किया।
कैब ड्राइवर ने मालिक को लौटाया फोन (Instagram/@the_meer_shk)
कैब में छूट गया यात्री का iPhone 16
मामला मुंबई का बताया जा रहा है। जिसका वीडियो (Video) उस कैब ड्राइवर ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @the_meer_shk से शेयर किया है। अपने पोस्ट में कैब ड्राइवर मीर शेख ने इस पूरी घटना का वीडियो शेयर करते हुए बताया कि एक वरिष्ठ नागरिक उनकी कैब में अपना iPhone 16 भूल गए थे। उन्हें फोन के बारे में तब पता चला, जब उनकी कैब में बैठे एक दूसरे यात्री ने उन्हें इसकी जानकारी दी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
महंगा फोन मिला तो भी नहीं डोला ईमान
शेख ने फोन देखकर यह समझने की कोशिश की कि इसे किस यात्री ने छोड़ा था। उन्हें याद भी था कि फोन किस यात्री का हो सकता है, लेकिन समस्या यह थी कि उनके लिए सीधे उस यात्री से संपर्क करना थोड़ा मुश्किल भरा काम था। कुछ समय बाद फोन के मालिक ने अपने नंबर पर खुद कॉल किया और ड्राइवर से फोन लौटाने को कहा। इसके बाद ड्राइवर मीर शेख ने ईमानदारी दिखाते हुए खुद यात्री के बताए जगह मलाबार हिल पहुंचकर फोन वापस कर दिया। वीडियो में फोन मिलने के बाद यात्री ड्राइवर को धन्यवाद देता हुआ नजर आता है। ड्राइवर की ईमानदारी से खुश होकर यात्री ने ड्राइवर को 2000 रुपये का इनाम भी दिया। ड्राइवर ने अपना इनाम खुशी-खुशी स्वीकार भी कर लिया।
iPhone 16 लौटाने वाले कैब ड्राइवर की हो रही तारीफ
इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया (Social Media) यूजर्स मीर शेख की खूब तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि आज के समय में जब महंगा फोन मिलने पर कई लोग लालच में आ सकते हैं, ऐसे में उसे उसके असली मालिक तक पहुंचाना बड़ी बात है। एक यूजर ने अपने अनुभव को शेयर करते हुए बताया कि उसने भी एक यात्री का पर्स लौटाया था और बदले में उसे भी इनाम मिला था। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि ऐसे ईमानदार और दूसरों के बारे में सोचने वाले लोग बहुत कम मिलते हैं। कुछ लोगों ने यात्री की भी तारीफ की, क्योंकि उसने ड्राइवर की ईमानदारी को सिर्फ धन्यवाद कहकर नहीं छोड़ा, बल्कि उसे इनाम देकर सम्मान भी दिया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
