विदेश में बसने का सपना लाखों लोग देखते हैं। अच्छी नौकरी, बड़ा घर, शानदार कार और आरामदायक जिंदगी अक्सर लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। लेकिन हाल ही में एक भारतीय NRI कपल का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि चमक-दमक के पीछे की सच्चाई हमेशा वैसी नहीं होती जैसी दिखाई देती है।
लग्जरी के चक्कर में करोड़ों के कर्ज में डूबा NRI कपल (Instagram/@moneyharmony123)
बाहर से लग रही थी लग्जरी लाइफ, अंदर छिपा था कर्ज का पहाड़
यह कपल अमेरिका में कई सालों से रह रहा था। दोनों की अच्छी नौकरी थी और उनकी जिंदगी देखने में बिल्कुल परफेक्ट लगती थी। उनके पास अपना घर था, कार थी, छुट्टियों पर जाने की सुविधा थी और भविष्य के लिए निवेश के तौर पर दूसरी प्रॉपर्टी भी थी। बाहर से देखने पर ऐसा लगता था कि उन्होंने "अमेरिकन ड्रीम" हासिल कर लिया है लेकिन एक दिन उन्होंने अपने पूरे फाइनेंशियल रिकॉर्ड को ध्यान से देखा और जब उन्होंने बैंक अकाउंट, लोन और क्रेडिट कार्ड का पूरा हिसाब जोड़ा, तो उन्हें ऐसा झटका लगा जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
हिसाब लगाया तो निकला 8.4 करोड़ रुपये का कर्ज
हिसाब लगाने पर पता चला कि उन पर कुल 8,50,000 डॉलर यानी लगभग 8.4 करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। यह रकम अलग-अलग लोन और बकाया राशि को मिलाकर बनी थी। उनके ऊपर करीब 4 लाख डॉलर का होम लोन था। इसके अलावा निवेश के लिए खरीदी गई प्रॉपर्टी पर 2.7 लाख डॉलर का कर्ज था। घर की मरम्मत और किचन रिनोवेशन के लिए लिया गया 1.5 लाख डॉलर का लोन भी शामिल था। वहीं लगभग 30 हजार डॉलर का क्रेडिट कार्ड बकाया भी उन पर था।
आखिरकार सामने आया डराने वाला सच
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि यह कर्ज एक दिन में नहीं बढ़ा। हर बार जब उन्होंने कोई नई सुविधा ली, नई चीज खरीदी या घर को बेहतर बनाया, तब एक नई EMI उनकी जिंदगी में जुड़ती गई। धीरे-धीरे यह रकम इतनी बड़ी हो गई कि उन्हें खुद अंदाजा नहीं रहा। सोशल मीडिया पर इस वायरल वीडियो (Viral Video) ने हजारों लोगों के होश उड़ा दिए। तमाम लोगों ने इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। कई लोगों ने उनकी ईमानदारी की तारीफ की, जबकि कुछ ने इसे दूसरों के लिए एक चेतावनी बताया। लोगों का कहना है कि अच्छी कमाई होने का मतलब यह नहीं कि खर्च और कर्ज पर ध्यान न दिया जाए।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
