हाल में ही सोशल मीडिया पर वायरल एक घटना ने सबको चौंकाकर रख दिया, जहां एक ट्रैक्टर बिना ड्राइवर के अपने आप ही चलने लगा और सामने की एक दुकान का शीशा तोड़कर अंदर घुस गया। इस घटना का वीडियो दुकान में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग दंग रह गए।
दुकान का शीशा तोड़कर अंदर घुसा ट्रैक्टर (X/@mktyaggi)
दुकान का शीशा तोड़कर अंदर घुसा ट्रैक्टर
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ट्रैक्टर किसी शोरूम के बाहर खड़ा था। अचानक, बिना किसी ड्राइवर के ही ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया और धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि ट्रैक्टर शोरूम के महंगे कांच के दरवाजे से जा टकराता है। जब दरवाजा नहीं खुलता तो वह ट्रैक्टर धीरे-धीरे दुकान के दरवाजे को धकेलता है। वीडियो को देख ऐसा लग रहा है जैसे ट्रैक्टर ने भी कसम खा ली हो कि आज वह दुकान का शीशा तोड़कर अंदर घुसेगा।
ये भी पढ़ें: बस यहीं देखना बाकी रह गया था! दिल्ली मेट्रो में लड़के ने मेकअप करते हुए बनाया Video, देख लड़कियां भी शरमाईं
जैसे-तैसे थमा ट्रैक्टर
आगे वीडियो में देखा गया कि शोरूम के अंदर बैठे एक कर्मचारी की नजर जब ट्रैक्टर पर गई तो वह दौड़कर बाहर निकला और ट्रैक्टर को बंद करने की कोशिश करने लगा, लेकिन घबराहट के मारे वह कुछ कर ना सका। इधर, जब तक वह कुछ करता तब तक ट्रैक्टर दुकान का शीशा तोड़कर अंदर जा घुसा। शोरूम के शीशे का दरवाजा टूटकर चकनाचूर हो गया। शोरूम में तोड़फोड़ की आवाज सुनकर एक और कर्मचारी दौड़े हुए आता है और ट्रैक्टर के ब्रेक को हाथ से दबाकर सबसे पहले ट्रैक्टर को रोकता है। वीडियो यहीं खत्म हो जाता है।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
ट्रैक्टर के इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर मिस्टर त्यागी नाम के यूजर ने अपने अकाउंट @mktyaggi से शेयर किया है। वीडियो को अब तक 5 लाख से भी ज्यादा लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी सामने आए हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "काउंटर पर बैठा व्यक्ति पीछे से ट्रैक्टर की सीट पर चढ़कर ट्रैक्टर को बंद कर सकता था।" दूसरे ने लिखा, "मुझे रिसेप्शन पर बैठा आदमी थोड़ा घबराया हुआ दिखाई दिया। वह घबराने की जगह धैर्य से काम लेता तो हादसा टल सकता था। जो दूसरे आदमी ने किया, वही पहला वाला करता तो सब बच जाता।"
