Transgender Couple Parents: केरल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। केरल के ट्रांसजेंडर कपल माता-पिता बने हैं। ट्रांसजेंडर पिता ने बच्चे को जन्म दिया है। आपको जानकर हैरानी होगी कि भारत में ऐसा पहली बार हुआ है। जब ट्रांसकपल ने बच्चे को जन्म दिया है। बुधवार को केरल के इस ट्रांसजेंडर कपल ने माता-पिता बनने की खुशखबरी शेयर की। कुछ दिनों पहले ही इस कपल ने अपनी प्रेग्नेंसी की खबर सार्वजनिक की थी।
ट्रांसजेंडर कपल
बुधवार को हुआ बच्चे का जन्म
केरल का रहने वाले ट्रांसजेंडर कपल के एक सदस्य जिया पावल ने जानकारी दी कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में सुबह साढ़े नौ बजे बच्चे का जन्म हुआ। बच्चे का जन्म ऑपरेशन के जरिए हुआ। पावल ने बताया कि बच्चे को जन्म देने वाले जहाद और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। हालांकि कपल ने बच्चे की लैंगिक पहचान को छिपा लिया है और दुनिया के साथ शेयर नहीं किया है। वह इस बारे में अभी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं करना चाहता। गौरतलब है कि पावल ने कुछ दिनों पहले अपने पार्टनर जहाद के प्रेग्नेंट होने की जानकारी सार्वजनिक की थी।
पावल ने इंस्टाग्राम पर बताया था कि उनका पार्टनर जहाद आठ महीने का प्रेग्नेंट है। इसके साथ ही कपल की एक तस्वीर भी सामने आई थी। यह ट्रांसजेंडर कपल पिछले तीन सालों से एक-साथ रह रहा है। केरल के कोझीकोड के रहने वाले इस कपल का नाम जहाद और जिया पावल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जहाद की उम्र 23 साल और जिया पावल की उम्र 21 साल है।
