स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई पूरी होने के बाद होने वाली ग्रेजुएशन सेरेमनी हर छात्र के लिए बेहद खास होती है। इस दिन की यादें लोग जिंदगीभर अपने साथ रखते हैं। आमतौर पर छात्र मंच पर जाकर अपनी डिग्री लेते हैं, फोटो खिंचवाते हैं और वापस अपनी सीट पर आ जाते हैं लेकिन इन दिनों थाईलैंड की एक ग्रेजुएशन सेरेमनी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि ग्रेजुएशन सेरेमनी में आए छात्रों ने डिग्री लेने का अंदाज ही बदल दिया।
स्कूल के ग्रेजुएशन सेरेमनी का यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। (Instagram/@hasleyoriginals)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
डिग्री लेने का ऐसा अंदाज पहले कभी नहीं देखा होगा
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि छात्र और छात्राएं स्टेज पर पहुंचते हैं, लेकिन वे सामान्य तरीके से सर्टिफिकेट लेने की बजाय अलग-अलग मजेदार और क्रिएटिव पोज देते हैं। कोई डांस करता हुआ नजर आता है तो कोई फिल्मी स्टाइल में एंट्री करता है। कुछ छात्र ऐसे पोज देते हैं कि वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं। ऐसे में अपने इन स्टूडेंट्स के दिन को और भी खास बनाने के लिए स्कूल की प्रिंसिपल भी छात्रों की इस मस्ती में शामिल हो जाती हैं और वे भी इस Gen-Z कल्चर का हिस्सा बन जाती है। वे भी अपने छात्रों के साथ-साथ काफी कूल पोज देते और शानदार डांस मूव्स करते हुए नजर आती हैं। प्रिंसिपल मैम हर एक छात्र के साथ उसके उसी अंदाज में पोज देती हैं और उनके लिए इस पूरे कार्यक्रम को यादगार बना देती हैं।
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी खूब प्यार लुटाया
यह वीडियो (Video) थाईलैंड के किसी स्कूल का बताया जा रहा है। प्रिंसिपल मैम का यह कूल एटिट्यूड लोगों को काफी पसंद आ रहा है। वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @hasleyoriginals नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। वीडियो को देखने के बाद लोग स्कूल और प्रिंसिपल की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि पढ़ाई के साथ-साथ ऐसे खुशहाल पल भी छात्रों की जिंदगी का हिस्सा होने चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने लिखा कि अगर हर स्कूल और कॉलेज में ऐसी ग्रेजुएशन सेरेमनी हो, तो छात्रों की यादें और भी खास बन जाएंगी। कई यूजर्स ने यह भी कहा कि पढ़ाई का सफर आसान नहीं होता। सालों की मेहनत के बाद जब डिग्री मिलती है, तो उस खुशी को खुलकर मनाने का हर छात्र को हक है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
