जैसे हर एक माता-पिता का सपना होता है कि उनका बच्चा कामयाबी के शिखर तक पहुंचे। वैसे ही हर एक बच्चे का भी यही सपना होता है कि बड़े होकर वह अपने माता-पिता को वह सारी खुशियां दे सके, जिसके बारे में वे सोचते हैं। कई बार स्थितियां माता-पिता और बच्चे दोनों के सपनों को साकार होने का मौका देती हैं, मगर कई बार स्थिति बहुत ही विपरित होती हैं, जिससे लोग लाख कोशिशों के बाद भी अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते। जो लोग अपने इन सपनों को पूरा होते हुए देख पाते हैं, वे बेहद ही खुशनसीब होते हैं। फिलहाल ऐसे ही एक खुशनसीब लड़के का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
बेटे ने मां को पहली बार कराई हेलीकॉप्टर की सैर (Instagram/@yogeshrawat04)
बेटे ने निभाया अपने बचपन का वादा
वायरल हो रहे इस वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक बेटा अपनी मां से बचपन में किए गए अपने वादे को पूरा करता नजर आ रहा है। जहां वह अपनी मां को पहली बार हेलीकॉप्टर की सैर कराई। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि योगेश रावत नाम का युवक अपनी मां को हेलीकॉप्टर में लेकर जाता है। वह बताता है कि बचपन में उसने मां से वादा किया था कि जब वह बड़ा होकर सफल होगा, तब उन्हें हेलीकॉप्टर की सवारी जरूर कराएगा। कई साल बाद आखिरकार वह दिन भी आ गया, जब उसने अपना यह सपना सच कर दिखाया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
बेटे ने मां को पहली बार हेलीकॉप्टर में बैठाया
वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि शुरुआत में उसकी मां काफी घबराई हुई नजर आ रही हैं। इससे पहले उन्होंने कभी हेलीकॉप्टर में सफर नहीं किया था, इसलिए उनके चेहरे पर इसका डर साफ दिखाई दे रहा था। वीडियो में वह बार-बार कहती हैं कि उन्हें डर लग रहा है लेकिन बेटा उनका हाथ पकड़कर उन्हें कहता है कि वह हर पल उनके साथ रहेगा और कोई परेशानी नहीं होगी। कुछ देर बाद दोनों हेलीकॉप्टर में बैठ जाते हैं। जैसे ही उड़ान शुरू होती है, मां का डर धीरे-धीरे खुशी में बदल जाता है। वह मुस्कुराने लगती हैं और आसमान से दिखाई देने वाले खूबसूरत पहाड़ों और गांव का आनंद लेने लगती हैं। बेटा भी इस खास पल को अपने कैमरे में कैद करता है और कहता है कि उसका गांव किसी स्वर्ग से कम नहीं है।
मां को हेलीकॉप्टर की सैर कराकर भावुक हुआ बेटा
वीडियो (Video) का सबसे भावुक पल तब आता है, जब योगेश बताते हैं कि भले ही आज वह अपनी मां को घुमा रहे हैं, लेकिन उनके अंदर का 10 साल का बच्चा सबसे ज्यादा खुश है क्योंकि उसने अपनी मां से किया बचपन का वादा आखिरकार पूरा कर दिया। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं। कमेंट सेक्शन में लोग बेटे की खूब तारीफ कर रहे हैं। किसी ने लिखा, "यही असली सफलता है।" वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, "मां की मुस्कान से बढ़कर दुनिया में कोई दौलत नहीं होती।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
