सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक स्काईडाइविंग शो के दौरान ऐसा डरावना हादसा हुआ कि देखने वालों का दिल दहल गया। वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक स्काईडाइवर पैराशूट से आसमान में उड़ान भर रहा होता है। वह पैराशूट में अमेरिका का झंडा लहराते हुए नीचे लैंड कर रहा होता है लेकिन उससे पहले उसका झंडा एक पेड़ में उलझ जाता है और फिर वह पेड़ में फंसकर नीचे गिर जाता है।
पेड़ में फंसकर टेंट पर गिरा स्काईडाइवर (AI Generated Image, X/@RobertSkvarla)
स्काईडाइविंग के दौरान प्लेन से छलांग लगाते ही हुआ बड़ा हादसा
वायरल वीडियो (Viral Video) में दिख रहा यह हादसा अमेरिका में आयोजित एक स्काईडाइविंग शो के दौरान हुआ। जहां नॉर्दर्न कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो के पास स्थित फोल्सम प्रो रोडियो में अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस और देश की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर एक खास स्काईडाइविंग शो रखा गया था। इस कार्यक्रम का मकसद देशभक्ति का संदेश देना था, लेकिन कुछ ही सेकंड में यह रोमांचक शो एक डरावने हादसे में बदल गया।
लैंडिंग से पहले पेड़ में उलझा झंडा फिर हुआ हादसा
वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि स्काईडाइवर रॉस अमेरिका का बड़ा राष्ट्रीय झंडा लेकर आसमान से नीचे उतर रहे थे। शुरुआत में सब कुछ ठीक लग रहा था। दर्शक उनकी शानदार एंट्री का इंतजार कर रहे थे। लेकिन जैसे ही वह जमीन के करीब पहुंचे, अचानक झंडा पास में खड़े एक पेड़ की टहनियों में उलझ गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
आसमान से सीधा टेंट पर जा गिरा शख्स
झंडा फंसते ही रॉस का बैलेंस बिगड़ जाता है और पैराशूट कंट्रोल से बाहर हो जाता है। ऐसे में वह स्काईडाइवर अपनी तय जगह पर उतरने के बजाय सीधे मैदान के पास लगे एक छोटे से टेंट पर जा गिरा। स्काईडाइवर के टेंट पर गिरते ही टेंट पूरी तरह ढह गया। यह पूरा हादसा वहां पर मौजूद एक शख्स के कैमरे में कैद हो गया। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को अब तक 2 करोड़ 42 लाख लोगों ने देखा और 67 हजार लोगों ने लाइक किया है।
सुरक्षित बच निकला स्काईडाइवर
यह वीडियो (Video) इसी प्वाइंट पर खत्म हो जाता है। शुरुआत में तो लोगों को लगा कि शायद स्काईडाइवर इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया होगा लेकिन बाद में आयोजकों ने बताया कि रॉस पूरी तरह से सुरक्षित हैं। टेंट पर गिरने के बाद वह खुद उठकर मैदान तक पहुंचे। उन्हें सही-सलामत देखकर वहां मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। आयोजकों ने यह भी बताया कि रॉस उसी शाम दोबारा स्काईडाइव करने के लिए तैयार थे।
वीडियो पर आई लोगों की मिलीजुली प्रतिक्रिया
इस वीडियो (Video) पर सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने इसे मजेदार अंदाज में देखा और कहा कि यह किसी फिल्म का सीन लग रहा था। वहीं कई यूजर्स ने कहा कि ऐसे हादसों पर मजाक करना सही नहीं है, क्योंकि थोड़ी सी चूक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
