Raj Kapoor Centenary Celebration: सचिन तेंदुलकर ने इंस्टाग्राम पर दिग्गज फिल्म निर्माता राज कपूर को श्रद्धांजलि देते हुए एक पोस्ट शेयर किया है। अब यह पोस्ट सोशल मीडिया मंच X पर काफी वायरल हो रही है। इसमें दिवंगत अभिनेता राज कपूर को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए याद किया गया। पोस्ट में सचिन ने वे फोटो शेयर की है जिसके बैकग्राउंड में दीवार पर एक कैरिकेचर है जिसमें राज कपूर के करियर के प्रसिद्ध दृश्यों को दिखाया गया है, जिसमें मेरा नाम जोकर जैसी क्लासिक फिल्में शामिल हैं। अब आप बताइए इस पेंटिंग में आपने कितनी फिल्मों के दृश्यों को पहचान लिया है ?
गौरतलब है कि, राज कपूर को भारतीय सिनेमा के सबसे महान शोमैन के तौर पर याद किया जाता है। 1988 में उनके निधन के दशकों बाद भी कपूर परिवार भारतीय सिनेमा में एक स्थायी शख्सियत बना हुआ है। मुंबई में कपूर परिवार और उद्योग जगत के दिग्गज शुक्रवार को उनकी 100वीं जयंती से पहले उनकी विरासत का जश्न मनाने के लिए इकट्ठे हुए। इस कार्यक्रम में रणधीर कपूर, करीना कपूर और रणबीर कपूर समेत कपूर परिवार के कई लोग शामिल हुए। इनके साथ रेखा और फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली जैसी प्रमुख हस्तियां भी मौजूद थीं।
बता दें कि, इस सप्ताह की शुरुआत में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के नेतृत्व में कपूर परिवार के सदस्य दिल्ली में प्रधानमंत्री के आवास पर समारोह का निमंत्रण देने भी गए। मुंबई में आयोजित यह कार्यक्रम हिन्दी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता राज कपूर के सम्मान में आयोजित किए गए कई कार्यक्रमों का समापन था। समारोह के एक हिस्से के रूप में, तीन दिवसीय उत्सव में कपूर की पांच प्रतिष्ठित फिल्मों- आवारा, श्री 420, संगम, मेरा नाम जोकर और बॉबी के पुनर्स्थापित संस्करण प्रदर्शित किए गए। इन क्लासिक फिल्मों का प्रीमियर उपनगरीय मल्टीप्लेक्स में आयोजित किया गया, जिससे प्रशंसकों और फिल्म प्रेमियों को कपूर की सिनेमाई प्रतिभा को फिर से जीने का मौका मिला।
