कभी-कभी जिंदगी में कुछ पल ऐसे मिल जाते हैं, जिन्हें इंसान लंबे समय तक याद रखता है। इसके लिए न महंगे होटल की जरूरत होती है और न ही किसी खास इंतजाम की। कई बार अनजान लोगों का प्यार ही दिल जीत लेता है। ऐसा ही कुछ पोलैंड की ट्रैवल यूट्यूबर मालविना के साथ हुआ। हिमालय के एक दूर-दराज गांव में पहुंचीं मालविना का स्वागत दो स्थानीय महिलाओं ने इतने प्यार से किया कि वह भावुक हो गईं। अब इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।
हिमालय के गांव में घूमने निकली विदेशी ट्रैवल व्लॉगर (Youtube/@MalvinaIsland)
3 लाख रुपये की नौकरी छोड़ घूमने निकलीं मालविना
मालविना ने करीब 10 साल तक आईटी कंसल्टेंट के तौर पर काम किया। वायरल वीडियो (Viral Video) में बताया जा रहा है कि उनकी हर महीने की कमाई करीब 3 लाख रुपये थी लेकिन एक समय ऐसा आया, जब उन्होंने अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर दुनिया घूमने का फैसला किया। खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी बैकअप प्लान के यह कदम उठाया। अपनी यात्रा के दौरान मालविना भारत पहुंचीं और ऋषिकेश में करीब तीन हफ्ते तक योग की क्लास की। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंड की खूबसूरत जगहों और हिमालय के गांवों का रुख किया। इसी सफर में उन्हें ऐसा अनुभव मिला, जिसने उनका दिल छू लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
मिट्टी के घर में मिला अनजान लोगों का प्यार
मालविना हिमालय के एक गांव में पहुंचीं, जहां उनकी मुलाकात ममता और मुन्नी नाम की दो स्थानीय महिलाओं से हुई। घर मिट्टी का बना था और वहां का माहौल बहुत ही सिंपल था लेकिन महिलाओं की मेहमाननवाजी ने विदेशी मेहमानों को हैरान कर दिया। ममता और मुन्नी ने मालविना और उनके साथ आई फिलीपींस की एक लड़की को बैठने के लिए कहा। फिर उनके लिए नींबू की चाय बनाई और गाय के दूध से बनी मिठाई भी खाने को दी। सबसे खास बात यह थी कि दोनों महिलाएं और विदेशी लड़कियां एक-दूसरे की भाषा ठीक से नहीं समझ पा रही थीं। इसके बावजूद प्यार और अपनापन जताने में किसी को परेशानी नहीं हुई।
मालविना बोलीं- मैं यहीं रुकना चाहूंगी
अपने वीडियो (Video) में मालविना बताती हैं कि महिलाओं के कुछ शब्द और उनका व्यवहार उनके दिल को छू गया। उन्हें ऐसा महसूस हुआ, जैसे वह किसी अनजान जगह पर नहीं, बल्कि अपने ही परिवार के बीच बैठी हों। मिट्टी का घर, लकड़ी का पीढ़ा, गर्म नींबू की चाय और महिलाओं का प्यार उन्हें बहुत पसंद आया। इस अनुभव को देखकर वह कहती हैं कि सच कहूं तो मैं यहीं रुकना चाहूंगी। उनके लिए यह मुलाकात सिर्फ घूमने के दौरान हुई एक छोटी-सी घटना नहीं थी, बल्कि जिंदगी की एक खूबसूरत याद बन गई।
भाषा नहीं, दिल से जुड़ गए लोग
मालविना ने अपने अनुभव में बताया कि इस मुलाकात ने उन्हें याद दिलाया कि उन्हें यात्रा करना इतना पसंद क्यों है। दुनिया घूमने का मतलब सिर्फ नई जगहें देखना नहीं, बल्कि वहां के लोगों और उनकी जिंदगी को करीब से समझना भी है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
