दुनिया

कोलंबिया में स्वर्ण खदान ढहने से कम से कम 14 खनिकों की मौत, कई घायल, बिना परमिट के चल रही थी खदान

प्रशासन ने कहा है, यह आपात स्थिति एक बार फिर अनौपचारिक और अवैध खनन से जुड़े जोखिमों को उजागर करती है। पिछले तीन महीनों से भी कम समय में नारिनो में दो खदानें ढहने से 27 लोगों की जान जा चुकी है।

Image

कोलंबिया में गोल्ड खदान में हादसा

Photo : AP

Gold mine collapse- कोलंबिया के नारिनो (Nariño) प्रांत के एक सुदूर इलाके में बिना परमिट के चल रही एक ओपन-पिट गोल्ड माइन के ढह जाने से कम से कम 14 खनिकों की दर्दनाक मौत हो गई है। क्षेत्रीय अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। नारिनो सरकार द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, इस खदान हादसे में 7 लोग घायल भी हुए हैं। सोमवार रात को ही राहत और बचाव अभियान समाप्त कर लिया गया।

अनौपचारिक खनन का खतरा

प्रशासन ने कहा है, यह आपात स्थिति एक बार फिर अनौपचारिक और अवैध खनन से जुड़े जोखिमों को उजागर करती है। पिछले तीन महीनों से भी कम समय में नारिनो में दो खदानें ढहने से 27 लोगों की जान जा चुकी है। सांता बारबरा डी इस्कुआंडे (Santa Barbara de Iscuande) नाम का यह छोटा शहर घने वर्षावनों से घिरा हुआ है और यहां केवल नाव या छोटे विमानों के जरिए ही पहुंचा जा सकता है, जिससे राहत कर्मियों के लिए समय पर घटनास्थल तक पहुंचना बेहद कठिन हो जाता है।

स्थानीय प्रशासन और गवर्नर की प्रतिक्रिया

नारिणो के गवर्नर लुई अल्फोंसो एस्कोलार (Luis Alfonso Escobar) ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में पूरे के पूरे परिवार खत्म हो गए हैं। यह बहुत दुखद है। कोलंबिया में सैकड़ों छोटी खदानें बिना सरकारी परमिट के चलाई जाती हैं, जिनमें से कई पर सशस्त्र विद्रोही समूहों का नियंत्रण है।

सुरक्षा चुनौतियां और विद्रोही समूहों का साया

दुर्घटना स्थल तक पहुंचना कठिन होने के साथ-साथ यह इलाका गंभीर सुरक्षा समस्याओं से भी जूझ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस क्षेत्र में दो विद्रोही समूह सक्रिय हैं, जिसमें जैकोबो एरेनास ब्लॉक (Jacobo Arenas Block) भी शामिल है। यह समूह उन असंतुष्ट पूर्व सदस्यों का है जिन्होंने कोलंबिया सरकार के साथ 2016 के शांति समझौते में शामिल होने से इनकार कर दिया था (FARC के बागी गुट)।

कोलंबिया के ओंबड्समैन ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर क्षेत्र के सशस्त्र समूहों से अपील की है कि वे राहत सामग्री और मानवीय सहायता को इस छोटे शहर तक पहुंचने दें। ओंबड्समैन ऑफिस ने कहा, हमारे सभी प्रयास जीवन की रक्षा करने और इस आपात स्थिति से निपटने की ओर होने चाहिए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article